- Hindi News
- National
- हम चुनाव में किंग मेकर बनने नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ को किंग बनाने आए हैं: धर्मजीत
हम चुनाव में किंग मेकर बनने नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ को किंग बनाने आए हैं: धर्मजीत
हमारी लड़ाई छत्तीसगढ़ में सत्ता बदलने की है, इसलिए भाजपा सरकार के खिलाफ सीधे लड़ाई है। प्रदेश के सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी पार्टी। हम चुनाव में किंग मेकर बनने के लिए नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ को किंग बनाने के लिए आए हैं।
यह बात जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के संभागीय प्रभारी धर्मजीत सिंह ठाकुर ने मंगलवार को तिलक भवन में पत्रकारों से कहा। सिंह यहां जिले की चारो विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग वर्ग के लोगों से सीधे मुखातिब होकर समस्याएं जानने पहुंचे थे। ताकि पार्टी विधानसभावार अपना संकल्प पत्र लेकर मतदाताओं के पास जा सके। उन्होंने कहा कि जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले 4 साल से भाजपा के सांसद सरकार में हैं। इसके बाद भी यहां की जनता अपनी राजधानी से सीधे नहीं जुड़ पा रही है। पूर्व की सरकार ने इंटरसिटी एक्सप्रेस 3 महीने चलवाकर बंद करवा दी जो आपत्ति जनक है। चांपा-जांजगीर के बीच पुल मरम्मत के नाम पर 46 दिन तक यात्री ट्रेनों को रेलवे ने बंद दिया है, लेकिन उसी पुल पर 60 बोगियों के साथ गुड्स ट्रेन यहां से दौड़ रही है। भाजपा के सांसद इस दिशा में क्या प्रयास किए यह नहीं जानता लेकिन यहां की जनता को वे एक ट्रेन तक नहीं दिला सके। खाद कारखाना के लिए सांसद ने काफी प्रयास किया लेकिन वह भी 4 साल में नहीं बन सका। प्रदूषण की मार यहां की जनता झेल रही है उद्योग फल रहें लेकिन नियंत्रण करने वाला विभाग मौन है। पार्टी सुप्रीमों के साथ रणनीति बनाकर यहां की जनता से जुड़ी मांगों को लेकर प्रदेश में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि रेल कॉरिडोर एक अच्छी पहल है। अगर इसका कोई विरोध कर रहा है तो वह अव्यवहारिक होगा। कोरबा सीधे पेंड्रारोड से जुड़ेगा इसका लाभ दो जिलों की जनता को होगा। कोरबा में युवाओं के भविष्य को देखते हुए मेडिकल कॉलेज की लंबी समय से जरूरत महसूस की जा रही है।
उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को रायपुर के साइंस कॉलेज में पार्टी सुप्रीमों के जन्मदिन पर वृहद कार्यक्रम होगा। इसके बाद सभी जिलों की समस्याओं को लेकर जिला व राज्य स्तर पर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। रामपुर व पाली-तानाखार में प्रत्याशी घोषित किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कई पार्टियों ने नाम तक नहीं लिया है लेकिन हम प्रत्याशी घोषित कर चुके हैं। शेष बचे विधानसभा में भी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। इस अवसर पर कोरबा विधासनभा प्रत्याशी रामसिंह अग्रवाल, जिलाध्यक्ष शिव अग्रवाल, पवन अग्रवाल, दीपनारायण सोनी, अर्चना उपाध्याय के साथ पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
चर्चा करते धरमजीत सिंह ठाकुर व अन्य।