मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह विकास यात्रा के तहत 20 को दूसरी बार पाली-तानाखार, कटघोरा व कोरबा विधानसभा में आमसभा लेंगे। साथ ही शहर में रोड शो करेंगे। इसके लिए सुबह 1 बजे से शाम 6 बजे तक 49 किलोमीटर तक आवागमन को डायवर्ट किया गया है। जनता कांग्रेस व सर्व आदिवासी समाज के विरोध को देखते हुए पूरे मार्ग में 1 हजार से अधिक बल की तैनाती रहेगी। मुख्यमंत्री इस दौरान तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 383 करोड़, 10 लाख 23 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे। शनिवार को दिनभर प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा रहा।
सीएम हेलीकाप्टर से रविवार दोपहर 3 बजे पोड़ी उपरोड़ा के गुरसिया चौक पहुंचेंगे। दोपहर 3.50 बजे स्कूल मैदान कटघोरा में आमसभा को संबोधित करेंगे। यहां 26 करोड़ 4 लाख 41 हजार के 36 कार्यों का लोकार्पण व 115 करोड़ 48 लाख के 82 कार्यों का शिलान्यास करेंगे। कटघोरा से विकास रथ में सीएम छुरी होते हुए जैलगांव चौक दर्री से शहर तक रोड शो करेंगे। घंटाघर स्थित ओपन आॅडिटोरियम में सभा को संबोधित करेंगे। इसके पहले 144 करोड़ 17 लाख 95 हजार के 9 कार्यों का लोकार्पण व 97 करोड़ 38 लाख 68 हजार के 19 कार्यों का शिलान्यास करेंगे।
सुरक्षा में डीआईजी एसपी के साथ 6 एएसपी
मुख्यमंत्री की सभा के लिए डीआईजी सुशील द्विवेदी सुरक्षा प्रभारी होंगे। उनके साथ एसपी मयंक श्रीवास्तव, 6 एडिशनल एसपी, 20 डीएसपी के साथ इंस्पेक्टर व बल तैनात रहेंगे। लगभग 1 हजार से अिधक जवानों की तैनाती रहेगी। जनता कांग्रेस ने सभा स्थल निरस्त करने का विरोध करते हुए काला झंडा दिखाने की घोषणा की है। इसकी वजह से प्रशासन अधिक सतर्क है।
इस तरह रूट को डायवर्ट किया गया: सीएम दोपहर 3 बजे गुरसिया पहुंचेंगे। इसके पहले ही वाहनों को रोक दिया जाएगा। भारी वाहन बिंझरा होते हुए गुरसिया आवागमन कर सकेंगे। साथ ही बिलासपुर की ओर से कटघोरा, छुरी, दर्री होकर शहर आने वाले वाहनों को दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक दीपका की ओर से आना होगा। यातायात प्रभारी एसएस पटेल ने बताया कि अंबिकापुर बांगो की ओर से कटघोरा होकर आने वाले वाहनों को सुतर्रा होते हुए बाकी, प्रेमनगर, कुसमुंडा होते हुए आना पड़ेगा।
4 हजार कुर्सियां, भाजपा ने भी झोंकी ताकत
विकास यात्रा के बहाने भाजपा चुनाव की तैयारी में जुटी है। एक ही दिन 3 क्षेत्रों में सभा के कारण प्रशासन के साथ भाजपा ने भी ताकत झोंक दी है। घंटाघर में 4 हजार कुर्सियां लगाई गई हंै। साथ ही हितग्राहियों के लिए अलग से पंडाल बनाया गया है। कटघोरा व गुरसिया में भी भीड़ जुटाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बाइक रैली भी निकालेंगे।