चार साल बीत गए प्रस्ताव तक नहीं भिजवा पाए सांसद: जयसिंह
सबसे ज्यादा कोयला, बिजली उत्पादन व खनिज राजस्व की कमाई करने वाले जिले के विकास के मामले में सरकार यहां के लोगांे के साथ अन्याय कर रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री चरणदास महंत ने शहरवासियों की सुविधा के लिए 6 महिने तक स्पेशल ट्रेन चलवाई थी। ट्रेन बंद होने पर भाजपाईयों ने लोकसभा चुनाव के बाद ट्रेन का नाम बदलकर शुरु करवाने की बात कही थी, पर चार साल बीत गए सांसद उसका प्रस्ताव तक नहीं भिजवा पाए। केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकार है। इसके बाद भी यहां से भाजपा के सांसद व विधायक जिले का विकास कराने अब तक असहाय व नाकाम रहें हैं। यह बात शहर विधायक जयसिंह अग्रवाल ने बुधवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि एक-एक कर रेलवे काउंटर बंद कर दिए गए हैं। लोगों की सुविधा के लिए रेलवे की जिस सेकेंड एंट्री का शुभारंभ किया गया था उसे भी बंद कर दिया गया है। ट्रेक मेंटनेंस के नाम पर यात्री ट्रेनों को एक-एक कर बंद किया जा रहा है। जबकि उसी ट्रेक पर काेयला लेकर मालगाड़ियां लगातार दौड़ रही है, यह कैसे संभव हो रहा है यह समझ से परे है। भाजपा के लोग जनसुविधाओं के मुददाें पर अपने सरकार का विरोध करने से डरते हैं। क्योंकि उनको कार्रवाई या फिर आगे चुनाव में टिकट कटने का डर है।