पारिवारिक विवाद में कथित पति ने महिला को पीटा, बेहोश
सिटी कोतवाली अंतर्गत सीतामणी हटरी के पास मूलत: उड़ीसा निवासी सोनी शर्मा रहती है। जिसका अपने कथित पति विजय सारथी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। जिस कारण बुधवार की दोपहर 12 बजे हटरी के पास विजय सारथी ने एक अन्य महिला तारा बाई के साथ मिलकर उसे पीटने लगा। दोनों मिलकर उसे निर्दयतापूर्वक पटक-पटककर पीटते रहे। महिला बेहाेश हो गई फिर भी उन्होंेने पिटाई बंद नहीं की। इस दौरान वहां लोगों की भीड़ थी लेकिन सब तमाशबीन की तरह घटना देख रहे थे। इसबीच किसी ने कोतवाली में घटना की सूचना दी। जहां महिला सिपाही नहीं थी। महिला सुरक्षा के लिए हेड कांस्टेबल रामकुमार उइके व कांस्टेबल मुकेश यादव मौके पर पहुंचे। जहां पीड़िता बेसुध पड़ी थी। पुलिस कर्मियों ने महिला की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए उसे उठाकर आटो में पीएचसी पहुंचाया। जहां से महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया। दूसरी ओर जिला अस्पताल में होश आने पर पीड़िता ने बताया कि उसे विजय सारथी व ताराबाई गलत काम करने के लिए बोलते हैं। बात नहीं मानने पर उन्होंने उसे पीटा है। पुलिस महिला के बयान पर जांच कर रही है।