डीएमएफ में सहायक लेखाधिकारी और लेखापाल की नियुक्ति होगी
कोरबा| जिले में खनिज न्यास संस्थान के काम-काज को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए संविदा आधार पर सहायक लेखाधिकारी व लेखापाल के एक-एक पद पर नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए जिला खनिज न्यास संस्थान की ओर से सूचना भी जारी कर दी गई है। दोनों पद पर भर्ती के लिए आवेदन पत्र कार्यालय जिला खनिज न्यास संस्थान को 28 अप्रैल तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं। आवेदन केवल पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट से ही लिए जाएंगे। जिला खनिज न्यास संस्थान की ओर से दोनों पद को प्रतिनियुक्ति आधार पर भरने का प्रयास किया जाएगा। प्रतिनियुक्ति पर अधिकारी उपलब्ध नहीं होने पर सहायक लेखाधिकारी पद के लिए सेवा निवृत्त कोषालय अधिकारी या सहायक कोषालय अधिकारी को 25 हजार रुपये प्रतिमाह के निश्चित वेतन पर नियुक्ति दी जाएगी। इसी प्रकार लेखापाल पद पर प्रतिनियुक्ति से योग्य उम्मीदवार नहीं मिलने पर सेवानिवृत्त लेखापाल या लेखा परीक्षा पास सेवानिवृत्त सहायक ग्रेड-एक को संविदा आधार पर लिया जाएगा। दोनों पद पर चयन मेरिट आधार पर होगा। संविदा नियुक्ति एक वर्ष के लिए होगी, लेकिन आवश्यकतानुसार उपयुक्तता का आंकलन कर संविदा अवधि बढ़ाई जा सकेगी।