वनमंडल कोरबा में 33 हाथी तीन दल में घूम रहे हैं। कुदमुरा परिक्षेत्र में 21 हाथियों ने 9 किसानों की धान की फसल को रौंद डाला। मूंगफली की फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। इससे ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क कर दिया है। हाथियों के घूमने के कारण तेन्दूपत्ता संग्रहण भी प्रभावित हो रहा है। वन परिक्षेत्र बालको के रूमगरा जंगल में 12 हाथी घूम रहे हैं। दोंदरो व सराईपाली के आस-पास हाथी धान की फसल को नुकसान पहुंचा चुके हैं। हाथियों की निगरानी के लिए वन अमले को लगाया गया है। दूसरा झुंड कुदमुरा परिक्षेत्र के चचिया में घूम रहा है। तीसरा झुंड श्यांग में है जिनकी संख्या 7 बताई गई है। हाथियों ने कटकोना के 8 ग्रामीणों की धान की फसल को चौपट कर दिया। गितकुमारी में एक किसान के धान व मूंगफली की फसल को नुकसान पहुंचाया है। हाथियों का झुंड बैगामार, चिर्रा, पतरपाली, ठेंगरीमार की ओर जाने की संभावना है। इसे देखते हुए ग्रामीणों को एलर्ट कर दिया गया है। वन विभाग के मुताबिक ग्रामीणों को लगभग 80 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। हाथी एक पखवाड़े से इसी क्षेत्र में घूम रहे हैं। अभी तेन्दूपत्ता संग्रहण का काम चल रहा है। डर के कारण ग्रामीण जंगल भी नहीं जा पा रहे हैं।