पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सीएम ने राहुल पर कसा तंज, कहा टीम लगातार हार रही है, अब कांग्रेस को कोच बदल लेना चाहिए

सीएम ने राहुल पर कसा तंज, कहा-टीम लगातार हार रही है, अब कांग्रेस को कोच बदल लेना चाहिए

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह शुक्रवार को विकास यात्रा के दूसरे चरण में रामपुर विधानसभा के करतला पहुंचे। पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे व कांग्रेस की लगातार हार पर तंज कसते हुए कहा कि क्रिकेट में जो भी टीम हारती है वह अपना कोच बदल लेती है।

कांग्रेस भी लगातार चुनाव हार रही है। उसे भी अब कोच बदल लेना चाहिए। राहुल गांधी कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग देने नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ का विकास देखने आए हैं। मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे हेलीकाप्टर से करतला के अस्थायी हेलीपेड पहुंचे। यहां से कार्यक्रम स्थल पहुंचकर 183 करोड़ 90 लाख के विकास यात्रा का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। मंच पर प्रभारी मंत्री अमर अग्रवाल, सांसद डॉ. बंशीलाल महतो, हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, खाद्य आयोग अध्यक्ष ज्योतिनंद दुबे, पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी, बनवारीलाल अग्रवाल भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के 75 प्रतिशत हिस्से में कांग्रेस साफ हो गई है। यहां तक अमेठी की सीट भी नहीं बचा सके। जो दिल्ली में रहते हुए दिल्ली की सीट नहीं बचा सका। जिसके हाथ से असम, बिहार, गोवा सीट िनकल गई ऐसे कोच को ट्रेनिंग लेने का क्या फायदा।

सीएम डा. सिंह ने अपनी चौथी पारी के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूसरी पारी के लिए मांगा समर्थन

योजनाओं के समर्थन में हाथ उठवाया

मुख्यमंत्री ने लोगों से पूछा कि 90 प्रतिशत लोगों को चावल मिल रहा है कि नहीं। इसके लिए उन्होंने हाथ उठाकर बताने कहा-यह भी पूछा कि स्वास्थ्य के लिए कार्ड बना है कि नहीं। लोगों ने हाथ उठाकर लाभ मिलना बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मित्र आकर देख लें कि गरीब किसानों के लिए सरकार किस तरह काम कर रही है। किसानों को कभी एक रुपए बोनस नहीं दिया। अब 1700 करोड़ बोनस देने के लिए निकला हूं तो कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है।

राहुल के कर्जमाफी पर...

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के केन्द्र में सरकार बनने पर किसानों के कर्ज माफ करने के सवाल पर मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि 15 साल से झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। इसीलिए कांग्रेस की हार हो रही है। झूठे वादे का बोर्ड लगाकर दुकानदारी कर रहे हैं, लेकिन वहां कोई ग्राहक नहीं पहुंचता।

विकास यात्रा छत्तीसगढ़ की एक तीर्थ यात्रा है

मुख्यमंत्री ने शुरूआत में कहा कि दंतेवाड़ा से विकास यात्रा की शुरूआत हुई है। मैं इसे तीर्थयात्रा मानता हूं। इस तीर्थ यात्रा ने विकास का धर्म, विकास का मर्म और कर्म सिखाता है। आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाईयों को छूएगा। वे मां सर्वमंगला, चैतुरगढ़ की मां महिषासुर मर्दिनी, पोड़ी उपरोड़ा की मां मातिन दाई, कटघोरा की मां कोसगाई, नरसिंह गंगा पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने स्टालों पर पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी ली।

मिलेगा गैस कनेक्शन

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में 80 हजार लोगों को गैस कनेक्शन दिया गया है। अकेले रामपुर क्षेत्र में 40 हजार कनेक्शन का वितरण हुआ है। इससे महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिल गई है। अब अजा, अजजा के लोगों को भी गैस कनेक्शन दिया जाएगा। इसके लिए सूची में नाम जोड़ना शुरू किया गया है।

ननकी ने कहा-रामपुर क्याें चुना आप समझ गए होंगे

पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने कहा कि विकास यात्रा के दूसरे चरण में रामपुर को क्यों चुना आप समझ गए होंगे। कांग्रेस के लोग यह अफवाह फैला रहे हैं कि पीएम आवास के लिए राशि की वसूली होगी। सांसद डॉ. महतो ने भी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सड़कों के निर्माण से विकास में गति आएगी।

कोई नई घोषणा नहीं

सीएम ने कोई नई घोषणा नहीं की। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री पूरे छत्तीसगढ़ के लिए बना हूं। रामपुर क्षेत्र के विकास में कमी होने नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगले पांच साल के लिए योजना बनी है। इसके लिए दूसरी बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने समर्थन मांग रहा हूं।

कांग्रेस से किया सवाल

एक रुपए िकलो चावल, नि:शुल्क नमक की योजना क्यों नहीं बनाई

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना से 50 हजार रुपए तक का इलाज

1 रुपए बोनस नहीं दिया, अब 1700 करोड़ बोनस दे रहा हूं पेट में दर्द क्यों

पहले 14 प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण, अब जीरो में दिया जा रहा

35 लाख महिलाओं को गैस सिलेंडर, कांग्रेस को याद नहीं आई

37 लाख परिवारों को 5 लाख तक का इलाज होगा

55 लाख लोगों को अगले तीन महिने में स्मार्ट फोन दिया जाएगा

3400 किलोमीटर केबल से गांव-गांव तक इंटरनेट कनेक्टिविटी मिलेगी

इन योजनाओं का भी सीएम ने सभा में किया जिक्र

भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत 1700 करोड़ की लागत से बनने वाले बिलासपुर से धरमजयगढ़-रांची तक बनने वाली एक्सप्रेस-वे का करतला के लोगों को भी मिलेगा लाभ

जिले के लोगों को 28 करोड़ रुपए मिलेगा धान का बोनस

रेल कारिडोर से क्षेत्र के लोगों को भी मिलेगा लाभ

मड़वारानी में 26 करोड़ की लागत से एनीकट व 31 करोड़ की पेयजल योजना का मिलेगा लाभ

17 करोड़ से सुधरेगी कुटुरूवा, लामपहाड़ सड़क मार्ग

खबरें और भी हैं...