- Hindi News
- National
- सराईपाली माइंस में कोल प्रोडक्शन के लिए मिट्टी खोदने का काम शुरू, अफसरों ने लिया जायजा
सराईपाली माइंस में कोल प्रोडक्शन के लिए मिट्टी खोदने का काम शुरू, अफसरों ने लिया जायजा
एसईसीएल की सराईपाली माइंस से उत्पादन शुरू करने की कोशिश पहले से तेज हो गई है। प्रबंधन यहां जल्द कोयला उत्पादन शुरू कर देगा। इसके लिए यहां हैवी मशीन लगा दिए गए हैं। खदान में कोल प्रोडक्शन के लिए मिट्टी खुदाई का काम जारी है।
एसईसीएल कोरबा एरिया की सराईपाली कोयला खदान से लंबे समय से उत्पादन का इंतजार किया जा रहा है। कुछ दिनों पहले एसईसीएल सीएमडी बीआर रेड्डी ने माइंस का निरीक्षण करने के बाद काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से एसईसीएल की सराईपाली माइंस से कोयला उत्पादन की कोशिशे और तेज हो गई है।
रविवार को एसईसीएल के निदेशक तकनीक कुलदीप प्रसाद (योजना/परियोजना) ने सराईपाली खदान के लिए चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और अफसरों को जरुरी निर्देश दिए। पूर्व में भू-विस्थापितों की समस्या व मांगो का निराकरण के मुद्दे पर सराईपाली माइंस से उत्पादन शुरू करने को लेकर पहले गतिरोध था। लेकिन अब प्रबंधन व प्रशासन की पहल के बाद भू-विस्थापितों ने भी सकारात्मक रुख दिखाया है।
भू-विस्थापितों की समस्या व मांगों के निराकरण पर माइंस से उत्पादन शुरू करने को लेकर पहले था गतिरोध
माइंस में चल रहे कार्यों का अवलोकन करते अधिकारी।
गंभीरता और सावधानी से काम करने दिए निर्देश: परियोजना स्थल पर भूमि समतलीकरण कार्य व खुदाई के कार्य का जायजा लेते हुए शिवप्रसाद निदेशक संचालन ने भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गंभीरता व सावधानी पूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। भारी मशीनरी, पीसी व डंपर ऑपरेटरों को भी निर्देश दिए। अधिकारियों ने मिट्टी डंप साइट का मुआवजा किया।
1.4 एमटी सालाना उत्पादन क्षमता की होगी खदान: सराईपाली एसईसीएल की ओपन कास्ट कोल माइंस है। उत्पादन क्षमता प्रतिवर्ष 1.4 मिलियन टन है। यहां 25 साल से अधिक का कोयला भंडार है। सराईपाली माइंस के लिए पाली ब्लॉक के तहत राहाडीह व बुड़बुड़ की लगभग 548 एकड़ निजी भूमि के साथ 40 हेक्टेयर वनभूमि का भी अधिग्रहण किया गया है।
एसईसीएल की बढ़ेगी कोयला उत्पादन क्षमता
एसईसीएल के जिले में स्थित कोयला खदानों से 100 मिलियन टन से अधिक कोयला उत्पादन होता है। चालू वित्त वर्ष में एसईसीएल के लिए लगभग 165 मिलियन टन का लक्ष्य निधारित किया गया है। इस स्थिति में एसईसीएल की सराईपॉली माइंस से कोयला उत्पादन शुरू करना जरूरी है। सराईपाली माइंस से उत्पादन शुरू होने पर कोरबा एरिया में 1.4 मिलियन टन उत्पादन बढ़ेगा। इससे एसईसीएल की उत्पादन क्षमता भी बढ़ेगी।
ग्रामीणों के रोजगार व पुर्नवास की जानकारी ली
सराईपाली परियोजना के काम का जायजा लेने बिलासपुर मुख्यालय से पहुंचे अफसरों ने पाली स्थिति एसईसीएल के अस्थाई कार्यालय में अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों के रोजगार, पुनर्वास के संबंध में जानकारी लेते हुए उनके प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करने आश्वासत किया। इस दौरान.मौके पर कोरबा एरिया के जीएम एस के पाल, सब एरिया मैनेजर आर के बजाज, मैनेजर एस के तिवारी, नोडल अधिकारी राज गोपाल सिंह, उमेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।