- Hindi News
- National
- कांग्रेस का पलटवार, इंडोर आडिटोरियम भवन निर्माण में लगी कंपनी पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस का पलटवार, इंडोर आडिटोरियम भवन निर्माण में लगी कंपनी पर कार्रवाई की मांग
इंडोर आडिटोरियम टीपी नगर में बिना उद्घाटन के कांग्रेस का संकल्प शिविर सोमवार को हुआ। भाजपा ने बिना अनुमति के कार्यक्रम कराने का आरोप लगाते हुए विधायक, महापौर व जिला कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर की मांग की थी। इधर मंगलवार को कांग्रेस ने भी आडिटोरियम निर्माण कार्य बीच में छोड़ने पर भाजपा नेता मनोज परासर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
कांग्रेस का कहना है कि मेसर्स एमपी कंस्ट्रक्शन ने बीच में काम छोड़कर निगम को नुकसान पहुंचाया है। इंदिरा स्टेडियम परिसर में 10 साल पहले इंडोर आडिटोरियम का निर्माण शुरू किया गया था। अब जाकर पूर्ण हुआ है। निगम प्रशासन ने 19 मई को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से लोकार्पण करने की तैयारी की है। इसके पहले एमआईसी ने भवन को किराए में देने के लिए राशि भी तय कर दी थी। कांग्रेस ने संकल्प शिविर के लिए आडिटोरियम को आवंटित करने पत्र लिखा था, लेकिन रविवार को संपदा अधिकारी ने उद्घाटन नहीं होना बताकर आवंटित करने से इनकार कर दिया। इसी लेटर को माध्यम बनाकर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सदस्य मनोज परासर व नेता प्रतिपक्ष योगेश जैन ने कलेक्टर व एसपी को ज्ञापन सौंपकर एफआईआर की मांग की थी। मंगलवार को निगम के पार्षदों ने आिडटोरियम निर्माण में लगी कंपनी को ही निशाना बनाया है। यह कंपनी भाजपा नेता मनोज परासर की है। पार्षदों का कहना है एक करोड़ का ठेका पाने के बाद बीच में 25 प्रतिशत काम कर छोड़ दिया गया। इससे आडिटोरियम की लागत बढ़ गई। ठेका कंपनी से इसकी रिकवरी करनी थी। साथ ही ब्लैक लिस्टेड किया जाना था। रिस्क एंड कास्ट में निविदा आमंत्रित करने का प्रावधान है।
बीच में बदल दिया गया ड्राइंग डिजाइन : परासर
भाजपा नेता मनोज परासर का कहना है कि जिस समय काम शुरू हुआ था उस समय 90 लाख का ठेका था। साथ ही 300 सीटर का आडिटोरियम बनना था। बाद में इसकी ड्राइंग डिजाइन ही बदल दी गई। जिसके कारण लागत बढ़ गई। इसमें ठेका कंपनी जिम्मेदार नहीं है। काेई भी ठेका कंपनी 10 प्रतिशत कम ज्यादा का नुकसान उठा सकती है।
भाजपा ने विधायक पर साधा निशाना
भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी ने बयान जारी कर विधायक जयसिंह अग्रवाल पर बौखलाने का आरोप लगाया है। जनता पूछ रही है कि विधायक शहर में अपनी 9 उपलब्धियां बताए। जनता को झूठा आश्वासन देकर टैक्स ही कम नहीं किया गया।