कोरबा। बालको नगर के परसाभाठा कांजी हाउस में निवासरत निर्मला देवी पति श्रीकांत मांझी अपने मामा की शादी में शामिल होने 4 मई को देवरिया (उतर प्रदेश) गई थी। शादी कार्यक्रम होने के बाद शुक्रवार को वापस कोरबा के लिए रवाना हुई। देवरिया से ट्रेन में बनारस पहुंची। जहां बस स्टैंड से कोरबा के लिए चलने वाली महिंद्रा बस में सवार हुई। उन्होंने अपना सूटकेस बस की डिक्की में रखा था। शनिवार की सुबह बस ट्रांसपोर्टनगर बस स्टैंड पहुंची। जहां बस से उतरने के बाद निर्मला देवी ने सूटकेस निकाला। जो ब्लेड से फटा हुआ था। अंदर देखने पर उसमें रखा सोने-चांदी के जेवरात समेत 60 हजार का मशरूका चोरी हो गया था। महिला ने सीएसईबी चौकी में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मान रही है कि बनारस से कोरबा आने के दौरान किसी ढाबे में हाॅल्टिंग के दौरान बस की डिक्की खोलकर ब्लेड मारकर जेवरात पार किया गया होगा। हालांकि पुलिस मामले में जांच कर रही है।