ट्रक से डीजल निकालकर बेचते थे ड्राइवर, केस दर्ज
कोरबा| एक पखवाड़े पहले दीपका पुलिस ने हरदीबाजार निवासी झण्डू राम साहू व बलौदा निवासी मनोज उर्फ दिलीप कंवर को जेरिकन में 55 लीटर डीजल खपाने ले जाते हुए गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ चोरी के संदेह पर कार्रवाई की गई थी। दोनों आरोपी ड्राइवर हैं। दोनों ही दीपका के बेलटिकरी बसाहट निवासी मोहम्मद जहूर अंसारी की ट्रक चलाते थे। उनके पकड़े जाने के बाद ने ट्रक मालिक ने पुलिस से संपर्क किया। साथ ही टंकी में माैजूद डीजल की जांच की। जिसमें डीजल कम होना पाया गया। आरोपियों के जमानत पर छूटने के बाद ट्रक मालिक ने उनसे पूछताछ की। जिसपर दोनों ने खर्चा-पानी के लिए टंकी से डीजल चोरी करना बताया। जिसके आधार पर ट्रक मालिक अंसारी ने अपने स्वामित्व की वाहनों से डीजल चोरी होने की रिपोर्ट लिखाई। जिसमें नामजद आरोपी दोनों वाहन चालकों को बनाया गया है।