सीटू ने प्रदर्शन कर कॉमर्शियल माइनिंग पर जताया विरोध
कोरबा| कॉमर्शियल माइनिंग के खिलाफ विरोध जताते हुए सीटू ने सोमवार को एसईसीएल के सभी एरिया में विरोध प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। 16 अप्रैल को प्रस्तावित संयुक्त् यूनियनों की हड़ताल टलने के बाद सीटू ने बयान जारी कर पूरे कोयला क्षेत्र में 16 अप्रैल को ही विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। जिसके तहत जिले व एसईसीएल के सभी क्षेत्रों में आमसभा, प्रदर्शन व नारेबाजी कर कामर्शियल माइनिंग के खिलाफ आक्रोश जताया है।
सीटू नेताओं ने बताया कि भले ही यूनियनों ने हड़ताल वापस ले ली है। लेकिन कॉमर्शियल माइनिंग लागू होने से उसका नुकसान मजदूर वर्ग पर पड़ने की आंशका को देखते हुए इसके खिलाफ पूरे कोयला क्षेत्र में सीटू ने विरोध प्रदर्शन किया है। सीटू पहले ही हड़ताल टलने को दुर्भाग्यजनक बता चुकी है। कामर्शियल माइनिंग के खिलाफ प्रस्तावित हड़ताल के ठीक पहले ही बीएमएस व एचएमएस ने हड़ताल नहीं करने के समझौते पर हस्ताक्षर कर दिया था। जिसके बाद एटक, सीटू व इंटक को भी आंदोलन से पीछे हटना पड़ा था। हड़ताल टालने के समझौते पर सीटू व एटक ने साइन नहीं किया था। लेकिन समझौते पर साइन करने व नहीं करने वाले ट्रेड यूनियन नेता आपस में ही उलझते दिख रहे हैं। हालांकि सीटू ने विरोध प्रदर्शन के जरिए काॅमर्शियल माइनिंग को लेकर अपने तरह से विरोध जताया है।
स्टेंडराइजेश कमेटी की बैठक 21 को: कोल इंडिया में प्रस्तावित हड़ताल टलने के बाद अब प्रबंधन ने जेबीसीसीआई-10 के स्टेंडराइजेशन कमेटी की बैठक की तारीख घोषित कर दी है। कमेटी की बैठक कोल इंडिया मुख्यालय कोलकाता में 21 अप्रैल की सुबह 11 बजे से होगी। प्रबंधन ने पहले ही स्टेंडराइजेशन कमेटी की बैठक जल्द होने के संकेत दिए थे। जिसके तहत अाखिर कर बैठक की तिथि को लेकर अधिकृत तौर पर सूचना जारी कर दी गई है। मीटिंग में जेबीसीसीआई-10 में लिए गए निर्णयों को अमल पर लाने चर्चा होगी।