सीएसईबी चौक से दर्री बरॉज चौक तक 46 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा। जिला खनिज न्यास मद से मंजूरी मिलने के बाद नगर निगम ने टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले माह तक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद काम शुरू होने की संभावना है।
दर्री मार्ग पर दिनभर भारी वाहनों का दबाव रहता है। पावर प्लांट के साथ ही इसी मार्ग से लोग छुरी-कटघोरा होते हुए बिलासपुर व अंबिकापुर जाते हैं। घुमावदार सड़क होने के कारण कई बार दुर्घटनाएं होती है। लंबे समय से इस सड़क को फोरलेन बनाने की मांग की जा रही थी। खनिज न्यास मद से राशि मिलने के बाद अब प्रक्रिया शुरू हो गई है। व्यस्ततम मार्ग होने के कारण फोरलेन बनने से लोगों को काफी सुविधा होगी। सड़क के बीच में डिवाइडर होगी जिसके कारण दुर्घटना की संभावना कम हो जाएगी।
जिला खनिज न्यास मद से 46 करोड़ की मंजूरी, निगम ने शुरू की टेंडर की प्रक्रिया, जल्द शुरू कराए जाएंगे निर्माण कार्य
शांतिनगर से कुचैना तक 3 करोड़ में बनेगी सीसी रोड: बांकीमोंगरा जोन के शांतिनगर से कुचैना तक 3 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। खनिज न्यास मद से इसके लिए मंजूरी मिल चुकी हैं। नगर निगम ने रोड बनाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू की है। इस मार्ग के बनने से दीपका जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।
शहर से पानी निकासी के लिए बनेंगे 12 करोड़ के नाले
बारिश के समय टीपी नगर क्षेत्र से लेकर शारदा विहार में पानी भरने की समस्या सामने आती है। इसके लिए 12 करोड़ की लागत से नालों का निर्माण कराया जाएगा। वार्ड क्रमांक 12 के कलवर्ट से ट्रांसफार्मर तक आरसीसी नाला, शनि मंदिर सीतामणी से रेलवे केबिन, रेलवे फाटक से कलवर्ट तक नाला का निर्माण कराया जाएगा। इससे जाम की समस्या नहीं रहेगी। निगम के ईई ग्यास अहमद ने बताया कि इन नालों के निर्माण से दूषित पानी की निकासी बेहतर ढंग से हो सकेगी। इसके लिए निविदा प्रक्रिया जारी है। प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।