भारत बंद के दौरान हुई हिस्सा के पीछे भाजपा का हाथ: बीएल भारती
कोरबा| बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर बहुजन समाज पार्टी की ओर से सत्ता हासिल कर संविधान बचाओ संकल्प सभा का आयोजन किया जाएगा। साथ ही आगामी चुनाव में प्रदेश की 90 विधानसभा सीट पर जीत हासिल करने चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी।
यह बात बीएसपी के प्रदेश प्रभारी बीएल भारती ने पंचवटी विश्रामगृह के सभागार में कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान कही। 14 अप्रैल को घंटाघर स्थित भीमराव अंबेडकर ओपन आडिटोरियम में बाबा साहब की 127वीं व महात्मा ज्योतिराव फुले साहब की 191वीं जयंती समारोह का आयोजन किया गया है। बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। भारती ने प्रदेश व केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि एसटी-एससी कानून में बदलाव को लेकर दो अप्रैल को भारत बंद का आव्हान किया गया था। उन्होंने बंद के दौरान हुए हिंसक घटनाओं का जिम्मेदार भाजपा सरकार को बताते हुए कहा कि अपने हक के लिए दलित आदिवासी अनुशासित ढंग से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन भाजपा एंड कंपनी ने गुंडे भेजकर आतंक फैलाया, जिसकी वजह से कई कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता शहीद हो गए। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूल-कॉलेज, उद्योगों सहित अस्पताल का निजीकरण कर रही। पूरे भारत में छत्तीसगढ़ ऐसा राज्य है, जहां खुद सरकार शराब बेच रही। इससे प्रदेश की जनता के सामने असली चेहरा उजागर हो गया है। बहुजन समाज पार्टी प्रदेश की सभी 90 सीटों में चुनाव लड़ेगी। भाजपा को सत्ता से हटाने हम किसी भी पार्टी से गठबंधन करने तैयार हैं। प्रदेश स्तर पर पोलिंग बूथ सहित वार्ड कमेटी का गठन किया जाएगा। प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। हम किसी भी क्षेत्र में निजीकरण नहीं होने देंगे। गुरु घासीदास के नाम से गांव, जिला व मार्ग बनाया जाएगा। किसी को आरक्षण के लिए आंदोलन नहीं करना पड़ेगा। बसपा सुप्रीमो मायावती का उद्देश्य भाजपा सरकार को हटाना है। बैठक में मुख्य रूप से ऋषिकर भारती, सुनील पाटले, ओम प्रकाश सिंह खुशरो, फूलचंद सोनवानी, वरूण धृतलहरे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।