ग्राम कोई में दंतैल हाथी ने सब्जी की फसल को रौंदा, दहशत में ग्रामीण
कोरबा | वन परिक्षेत्र करतला में हाथियों का झुंड वापस धरमजयगढ़ की ओर लौट गया है। एक दंतैल हाथी घूम रहा है। हाथी ने बाड़ी में पहुंचकर सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचाया है। दंतैल से ग्रामीण दहशत में है। डर के कारण महुआ बिनने भी नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों को वन विभाग ने सतर्क किया है। साथ ही हाथी मित्रदल को लगाया गया है।
दंतैल हाथी अकेला होने के कारण उत्पाती हो जाता है। पिछले समय दंतैल हाथी ने ही सबसे अधिक लोगों को मारा था। इस बार फिर दंतैल से दहशत है। ग्राम बड़मार के आसपास दंतैल को देखा गया है। ग्राम कोई में सब्जी फसल को नुकसान पहुंचाने के बाद हाथी आसपास जंगल में ही घूम रहा है। एसडीओ नटवर अग्रवाल ने बताया कि दंतैल पर नजर रखने के लिए हाथी मित्रदल को लगाया गया है। ग्रामीणों को सुबह जंगल नहीं जाने की हिदायत दी गई है। बाकी हाथी वापस लौट गए हैं।