- Hindi News
- National
- स्मार्टकार्ड शिविर में 30 हजार 326 लोग छूटे, वार्डों में फाॅर्म भरने के बाद अब तक सूची में नाम नहीं आया
स्मार्टकार्ड शिविर में 30 हजार 326 लोग छूटे, वार्डों में फाॅर्म भरने के बाद अब तक सूची में नाम नहीं आया
जिले में राष्ट्रीय व मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत स्मार्ट कार्ड पंजीयन कार्य किया जा रहा है। एक पखवाड़े से शहरी क्षेत्र में वार्डवार शिविर लग रहा है। अब तक कोरबा, निहारिका, परिवहन नगर व बालको जोन में पंजीयन पूर्ण हो चुका है। दर्री जोन में पंजीयन कार्य चल रहा है। इसके बाद बांकीमोंगरा जोन में शिविर लगेगा। वार्डवार लग रहे शिविर से अब जोनवार जैसी भीड़ नहीं है।
इससे स्मार्ट कार्ड पंजीयन असानी से हो रहा है। मौके पर ही उन्हें स्मार्ट कार्ड बनाकर दिया जा रहा है। लेकिन दूसरी ओर वर्ष 2016 में नगर निगम क्षेत्र में वार्डवार लगे शिविर में स्मार्ट कार्ड पंजीयन के लिए आवेदन जमा करने वाले हजारों लोग लाभ से वंचित हो रहे हैं। दरअसल पंजीयन शिविर में लगने वाले लिस्ट में आवेदन के बावजूद लोगों के नाम नहीं है। ऐसे लोगों को स्मार्ट कार्ड को लेकर चिंता होने लगी है। नया आवेदन के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। आचार संहिता लगने के बाद स्मार्ट कार्ड पंजीयन का कार्य भी बंद रहेगा। इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने नया अावेदन जमा लेने को लेकर कोई आदेश जारी नहीं किया है।
अब तक 34526 में से 4200 ने कराया पंजीयन
स्मार्ट कार्ड सेवा के प्रभारी अधिकारी शिव राठौर ने बताया कि जिले में 34526 हितग्राहियों का स्मार्ट कार्ड बनना है। जिसके लिए 4 जाेन में पंजीयन शिविर लग चुके हैं जिसमें 4200 लोगों का पंजीयन करके कार्ड वितरण किया जा चुका है। वर्ष 2016 में आवेदन करने वालों के अधूरे डाटा के चलते फार्म रिजेक्ट हो गए। नया आवेदन लेने के संबंध में कोई निर्देश नहीं मिला है। वर्तमान शिविर में छूटे लाेगों का पंजीयन जिला अस्पताल में होगा।
चार जोन में 70 फीसदी लोगों का पंजीयन
अब तक जिन 4 जोन में स्मार्ट कार्ड पंजीयन शिविर लग चुका है वहां के लिस्ट के अनुसार कुल 6171 हितग्राही हैं। लेकिन कई दिनों तक शिविर चलने के बाद भी 30 फीसदी लोग नहीं पहुंचे। करीब 4200 लोगों ने ही स्मार्ट कार्ड के लिए पंजीयन कराया जो कुल हितग्राहियों की 70 फीसदी है।
शिविर में पंजीयन कराने पहुंचे लोग।
ग्रामीण क्षेत्र में 24 के बाद शुरू होगा शिविर
वर्तमान में निगम (शहरी) क्षेत्र में ही स्मार्ट कार्ड पंजीयन शिविर आयोजित है। जो 24 अप्रैल तक चलेगा। जिसके बाद ग्रामीण क्षेत्र में शिविर शुरू होगा। परेशानी न हो इसके लिए विकासखंड में अलग-अलग तिथि को शिविर लगाकर लोगों का पंजीयन करके स्मार्ट कार्ड जारी किया जाएगा।
लोक सुराज में मिले 3000 नए आवेदन
जिले में लोक सुराज अभियान के तहत 31 मार्च तक स्मार्ट कार्ड पंजीयन के लिए नए आवेदन लिए गए। इस दौरान कुल 3000 नए आवेदन स्वास्थ्य विभाग को मिले। अब आवेदन की जांच के बाद पात्र आवेदकों की सूची स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजी जाएगी। जहां से स्वीकृति व डाटा मिलने के बाद आवेदकों का स्मार्ट कार्ड बनेगा।
नगर निगम 11852
कोरबा 5421
करतला 3628
कटघोरा 4458
पाली 4223
पोड़ी-उपरोड़ा 4944
अाधे-अधूरे डाटा के चलते आवेदन रिजेक्ट
वर्ष 2016 में नगर निगम क्षेत्र में वार्डवार स्मार्ट कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाकर आवेदन लिया गया था। जिसमें अधिकांश आवेदकों के आवेदन में आधे-अधूरे डाटा भरे गए थे। नाम, पता, आधार नंबर, मोबाइल नंबर समेत अन्य जरूरी डाटा नहीं होने से ऐसे आवेदन को रिजेक्ट कर दिया गया था। इस कारण वार्डवार शिविर में आवेदन करने वाले अधिकांश लोगों का स्मार्ट कार्ड नहीं बन रहा है। आगे उनसे आवेदन लेने की सूचना भी नहीं है।