- Hindi News
- National
- सीडीएम में कैश जमा करने वालों का करते हैं लोग इंतजार, ताकि वे निकाल सकें एटीएम से नोट
सीडीएम में कैश जमा करने वालों का करते हैं लोग इंतजार, ताकि वे निकाल सकें एटीएम से नोट
कैश की इतनी किल्लत है कि लोग सीडीएम में जमा करने वालों का इंतजार करते हैं। जैसे ही कोई कैश जमा करता है उसके पीछे निकालने वालों की लाइन लग जाती है। क्योंकि शहर में बीते 4 दिन से 90 फीसदी एटीएम के शटर डाउन पड़े हैं। न तो चेस्ट में करेंसी आ रही है न बैंकों में काउंटर से कैश जमा करने वाले पहुंच रहे।
गुरुवार को जिले में गिनती के एटीएम काम कर रहे थे, वे भी शनिवार से जवाब दे गए। रविवार को तो पूरे शहर में महज 2 स्थानों पर ही एटीएम काम कर रहे थे। एक निहारिका क्षेत्र में तो दूसरा टीपीनगर में निजी संस्था द्वारा संचालित एसबीआई के इनटच सेंटर में। टीपीनगर के इनटच सेंटर में 4 सिस्टम लगे हैं। जिसमें एक सिस्टम सीडीएम व एटीएम दोनों का काम करता है। यहां यही सिस्टम काम कर रहा था क्योंकि वहां कोई न कोई खाताधारक कैश जमा करने पहुंच रहे थे। जैसे ही लोगों की नजर जमा करने वालों पर पड़ती थी वे वहां कतार में खड़े होकर उसके जमा करने तक इंतजार करते थे।
शहरवासियों को गुमराह कर रहे बैंक प्रबंधन
सभी बैंकों की हालत कैश को लेकर खराब है। लीड बैंक भी इसकी कमी पूरा करने में असक्षम साबित हो रहा है। बंैक प्रबंधन शहर के किसी एक एटीएम निहारिका तो कही टीपीनगर या फिर किसी दिन पावर हाउस या फिर सीतामढ़ी क्षेत्र में कैश अपलोड कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। इससे लोग पैसे निकालने को भटक रहे हैं।
छुट्टी के कारण और भी ज्यादा खराब हुई स्थिति
शनिवार के बाद रविवार लगातार दो दिन छुट्टी के कारण एटीएम में कैश अपलोड नहीं होने से शनिवार से ही जिन केन्द्रों के शटर गिरे हैं उनके सोमवार को ही उठने की संभावना है। अवकाश के कारण एटीएम में कैश नहीं होने की समस्या बढ़ गई है। जिसके कारण लोगों को काफी परेशान होना पड़ा। एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभास बोस ने 2 दिन में स्थिति समान्य करने की बात कह चुके हैं लेकिन 4 दिन बाद स्थिति और बिगड़ गई है।