भास्कर संवाददाता|मनेंद्रगढ़
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह विकास यात्रा के दौरान 18 मई को कोरिया प्रवास पर रहेंगे। नगर पालिक निगम चिरमिरी के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित आमसभा में शामिल होंगे जहां वह हाई स्कूल और हायर सेकंडरी बोर्ड परीक्षाओं में जिले की वरीयता सूची में शामिल होनहार विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर उनका सम्मान किया जाएगा, लेकिन क्या उस बच्ची का प्रदेश के मुखिया के हाथों सम्मान हो पाएगा जिसका प्रशासनिक त्रुटियों के कारण कक्षा 10वीं की परीक्षा में जिले की वरीयता सूची में नाम शामिल होने से वंचित हो गया है।
सेंट जोसेफ कान्वेंट हायर सेकंडरी स्कूल नार्थ झगराखांड की छात्रा कामिनी पिता कौशल मौर्य ने गुरुवार को जिला शिक्षाधिकारी कोरिया को पत्र लिखकर कोरिया जिले की वरीयता सूची में उसका नाम संशोधन किए जाने के लिए आग्रह किया है। छात्रा ने अपने पत्र में कहा कि वह कक्षा 10वीं की नियमित छात्रा है एवं माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर की आयोजित कक्षा 10वीं की परीक्षा में 538 (89.66 प्रतिशत) अंक अर्जित किया है। कोरिया जिले की वरीयता सूची में उसका 10वां स्थान है, लेकिन कुछ गलतियों के कारण उसके स्थान पर दूसरी छात्रा जिसका प्राप्तांक 536 (89.33 प्रतिशत) है। नाम को शामिल किया गया है। छात्रा ने जिला शिक्षाधिकारी से वरीयता सूची में संशोधन कर नाम अंकित करने की मांग की है।
कामिनी मौर्य