सीआईए निदेशक ने उत्तर कोरिया में किम जोंग से सीक्रेट मुलाकात की थी
अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के निदेशक माइक पोम्पियो गुपचुप तरीके से उत्तर कोरिया के दौरे पर गए थे। वहां उनकी किम जोंग उन से सीक्रेट मुलाकात भी हुई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इसकी पुष्टि की है। पोम्पियो ईस्टर पर उत्तर कोरिया गए थे। मकसद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और किम जोंग के बीच सीधी बातचीत का रास्ता साफ करना था। वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक माइक पोम्पियो की उत्तर कोरिया की यह यात्रा रेक्स टिलरसन के इस्तीफे और सीआईए प्रमुख को नया विदेश मंत्री बनाए जाने के तुरंत बाद की गई। इससे पहले तत्कालीन अमेरिकी विदेश मंत्री मेडलिन अल्ब्राइट ने 2000 में उत्तर कोरिया का दौरा किया था। पिछले महीने ट्रम्प ने घोषणा की थी कि उन्होंने किम जोंग के बातचीत के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।
2014 में अमेरिकी अधिकारी उ. कोरिया गए थे: 2014 में नेशनल इंटेलिजेंस एजेंसी के निदेशक जेम्स क्लैपर उ. कोरिया की जेलों में बंद दो अमेरिकी नागरिकों को वापस लाने की कोशिशों के तहत वहां गए थे।
जून तक सकती है ट्रम्प-किम की मुलाकात: ट्रम्प और किम जोंग की मुलाकात मई या जून में हो सकती है। खुद ट्रम्प कह चुके हैं कि उत्तर कोरियाई नेता से जून या उससे थोड़ा पहले मुलाकात संभव है।
इससे पहले ट्रम्प ने खुद कोरिया के साथ वार्ता को उच्चस्तरीय बताते हुए कहा था कि किम के साथ आगामी बैठक के लिए 5 संभावित जगहों पर विचार किया जा रहा है।