पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • घटना से एक दिन पहले दोनों छात्र साथियों को दे गए थे किताबें, बोले पता नहीं फिर कब मिलेंगे

घटना से एक दिन पहले दोनों छात्र साथियों को दे गए थे किताबें, बोले- पता नहीं फिर कब मिलेंगे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पास के गांव में भंडारा लेने गए गांव गुडियानी के दो किशोरों के शव श्मशान घाट में मिलने के बाद बुधवार को परिजनों व ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर हंगामा किया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कोसली रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया तथा छात्रों की हत्या किए जाने के आरोप लगाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आने पर भी परिजनों ने असंतोष जताया। सूचना के बाद डीएसपी कोसली मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मांग पर आखिर जाटूसाना थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद मामला शांत हुआ तथा शव सड़क से उठाए गए।

मंदिर में भंडारे के बाद घर नहीं पहुंचे, रात में मिले शव

गुडियानी के रहने वाले दोनों ही छात्र कुनाल व अनिल सहपाठी थे तथा गांव के सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ते थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दोनों दोनों जिला झज्जर के गांव भूरियावास में आयोजित भंडारा में प्रसाद लेने के लिए गए थे। उनके साथ भूरियावास निवासी एक छात्र और भी था। वहां प्रसाद ग्रहण करने के बाद तीनों भंडारे से लौट गए, लेकिन कुनाल और अनिल घर नहीं पहुंचे। देर रात दोनों छात्रों के शव गांव के श्मशान घाट में पड़े हुए मिले। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच में शवों के पास ही जहरीला पदार्थ (सल्फास) की शीशी भी पास में मिली। बुधवार को पुलिस ने रेवाड़ी अस्पताल में बोर्ड द्वारा शवों को पोस्टमार्टम कराया।

पोस्टमार्टम के दौरान युवकों द्वारा सल्फास निगले जाने की बात सामने आने पर परिजनों ने कोसली राेड पर शव रखकर जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे डीएसपी अनिल कुमार ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का भराेसा दिलाया तो ग्रामीण सड़क से हट गए। एसएचओ नरेंद्र यादव ने बताया कि विसरा सैंपल लिए गए हैं, रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएंगे।

शरीर पर चोट नहीं, कपड़े मिले अस्त-व्यस्त

सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की। जांच के दौरान शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। ऐसे में मामला पेचीदा हो गया, क्योंकि शुरूआत में इस तरह शव मिलने पर हत्या की ही आशंका थी। उनके कपड़े भी अस्त व्यस्त थे। जिस बाइक पर वे घूम रहे थे, वो बाइक भी श्मशान घाट के पास ही पड़ी हुई थी। हत्या किए जाने जैसे साक्ष्य पुलिस को नहीं मिले। इसके बाद शवों को अस्पताल पहुंचाया गया। बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की बाकायदा वीडियोग्राफी भी कराई गई।

पास पड़ी थी सल्फास की शीशी पोस्टमार्टम में भी जहर निगलने के तथ्य का हुआ खुलासा

ग्रामीणों ने शव रोड पर रख जाम लगाया तो पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ किया हत्या का मुकदमा दर्ज

रेवाड़ी. गुडियानी में दो छात्रों की मौत के बाद जाम लगाते ग्रामीण। आक्रोशित ग्रामीणों को समझाते डीएसपी व अन्य पुलिस अधिकारी।

एसएचओ ने की कक्षा के बच्चों से बात... कोसली थाना एसएचओ नरेंद्र यादव ने बताया कि घटना के बाद वे गुडियानी के सरकारी स्कूल में पहुंचे थे। यहां स्टाफ से पूछताछ के साथ ही बच्चों से भी बात की। कुनाल और अनिल की कक्षा 11 में पढ़ने वाले बच्चों ने बताया कि घटना से एक-दो दिन पहले दोनों छात्र सिर के बाल कटवाकर (मुंडवाकर) स्कूल आए थे। सिर पर उन्होंने टोपी पहनी हुई थी। इस पर प्राचार्य व शिक्षकों ने उन्होंने अनुशासन में रहकर कक्षा में बैठने की बात कही। प्राचार्य ने उनसे टोपी भी ले ली थी। इसके बाद से दोनों छात्र क्षुब्ध भी थे। उन्होंने सोमवार को कक्षा के अपने साथियों को किताबें दे दी तथा कहा कि पता नहीं अब कब मिलना होगा। प्राचार्य से भी कह दिया था कि हम तो अब आईटीआई करेंगे। अगले दिन छात्रों की मौत का समाचार स्कूल पहुंचा।

विसरा रिपोर्ट के बाद होंगे कारण स्पष्ट : डीएसपी

शवों को बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया तथा विसरा सैंपल भी लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही छात्रों की मौत के कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल परिजनों द्वारा अंदेशा जताए जाने के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। - अनिल कुमार, डीएसपी, कोसली।

खबरें और भी हैं...