रेवाड़ी | कोसली के धारौली टी-प्वाइंट पर बुधवार की शाम दादरी डीसी कार्यालय के कर्मचारी से बाइक छीनने के मामले में कोसली थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गांव धाना निवासी रूपेंद्र तथा धनीरवास निवासी रविंद्र व नरेश शामिल है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त की गई दोनों बाइकें भी बरामद कर ली है। जांचकर्ता एएसआई सूबे सिंह ने बताया कि गांव गुरावड़ा निवासी विकास शर्मा दादरी उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत है। वह हर रोज अपनी बाइक पर ही गांव से कार्यालय आता-जाता है। बुधवार की शाम को वे अपने दोस्त विनोद के साथ घर आ रहा था। जब वह गांव धारौली टी-प्वाइंट पर पह़ुंचे तो तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया था तथा विकास के सिर पर बीयर की बोतल से हमला कर घायल कर दिया था और आरोपी विकास की बाइक छीन कर फरार हो गए थे। घायल विकास को रेवाड़ी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। सूचना मिलने पर ट्रामा सेंटर पहुंची पुलिस ने विकास के बयान दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने जांच के बाद शुक्रवार की शाम को रूपेंद्र, रविंद्र व नरेश को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को शनिवार अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
बीयर की बोतल सिर पर मारकर की थी वारदात