रेवाड़ी | जिला पुलिस ने शुक्रवार रात को सभी थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी कर नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। अभियान की कमान स्वयं एसपी राजेश दुग्गल ने संभाली हुई थी। एसपी ने स्वयं गश्त कर अभियान के दौरान लगाए गए नाकों व गश्त तथा पुलिस द्वारा अभियान के दौरान की गई कार्रवाई का जायजा लिया। अभियान के दौरान जिले भर मे 36 स्थानों पर नाकाबंदी, 20 पैदल गश्त पार्टी, 10 राइडर तथा 34 पुलिस वाहनों मे गश्त की गई। अभियान के दौरान कार व बड़े वाहनों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालकों से भी पूछताछ कर वाहनों के कागजातों की जांच की गई।
क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते 7 गिरफ्तार : अभियान के तहत पुलिस द्वारा रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक 1538 की जांच की गई। इनमें से 174 वाहनों के चालान किए गए तथा 9 वाहनों को जब्त किया गया। इसके अलावा 109 सार्वजनिक स्थानों को चैक किया गया और 89 लोगों से पूछताछ कर उनके पर्चा अजनबी जारी किए गए। अभियान के दौरान कसौला थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया और मौके से एक एलईडी, एक स्टॉप बॉक्स, 8 मोबाइल फोन तथा 930 रुपए बरामद किए। अभियान के दौरान ही शहर थाना पुलिस ने सट्टा खाईवाली करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर 2860 रुपए बरामद किए है। इसी क्रम में सदर थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र से 89 बोतल शराब सहित एक आरोपी, रोहड़ाई पुलिस ने 17 बोतल शराब सहित एक आरोपी, खोल थाना पुलिस ने 47 बोतल शराब सहित दो आरोपियों को तथा मॉडल टाउन थाना पुलिस ने 31 बोतल शराब सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अभियान के दौरान कोसली थाना पुलिस ने बाइक छीनने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार छीननी हुई व वारदात में प्रयुक्त की गई दोनों बाइक बरामद की है।
पेट्रोल डलवाकर बगैर पैसे दिए भाग रहे आरोपी पकड़े : मॉडल टाउन थाना क्षेत्र से पेट्रोल पंप से तेल डलवाकर बिना पैसे दिए भागने वाले दोनों आरोपियों को भी पुलिस के गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान नाकाबंदी के अतिरिक्त पुलिस की 20 पैदल पार्टी व 10 राइडर तथा 34 पुलिस वाहन निरंतर गश्त पर रहे। एसपी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य रात मे आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना तथा आपराधिक तत्वों के अंदर पुलिस का भय पैदा कर जनता और पुलिस के बीच समन्वय को मजबूत बनाए रखना है।