पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Kota
  • होटल के मलबे में फंसकर दम तोड़ने वाले सद्‌दाम के परिजनों ने मांगा मुआवजा

होटल के मलबे में फंसकर दम तोड़ने वाले सद्‌दाम के परिजनों ने मांगा मुआवजा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
धानमंडी में गिरी बिल्डिंग के पास पुलिस तैनात कर दी गई है।

सिटी रिपोर्टर | कोटा

नई धानमंडी में कॉन्टेसा बार एंड होटल के ढहने से मलबे में दबे सद्दाम हुसैन को 16 घंटे तक चले सर्च आॅपरेशन के बाद शनिवार रात 3 बजे निकाला जा सका। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रविवार सुबह उसका शव पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने होटल मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और मुआवजा देने की मांग की। पुलिस मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है, अभी इस मामले को जांच में रखा गया है।

शनिवार सुबह कॉन्टेसा बार एंड होटल की बिल्डिंग ढहने से मलबे में 5 लोग दब गए थे। इनमें से चार जनों को सुरक्षित निकाल लिया गया था, लेकिन सद्दाम हुसैन कमरा नंबर 108 में फंस गया था। रात को करीब 3 बजे उसे निकाला जा सका। एमबीएस अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रविवार की सुबह उसका पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम रूम पर उसके पिता अल्लाबख्श सहित कई परिजन उपस्थित थे। जहां उन्होंने मौत के जिम्मेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने और मुआवजा देने की मांग की।

मृतक सद्दाम

सो रहा था इसलिए निकल नहीं सका : सद्दाम होटल में वेटर का काम करता था। कमरों में ठहरे गेस्ट को सप्लाई करना उसका काम था। घटना के समय सद्दाम कमरा नंबर 108 में सो रहा था। अचानक बिल्डिंग गिरने से मैनेजर गोपाल व अन्य तो अलर्ट हो गए और उन्होंने अपने बचाव के लिए प्रयास किए, लेकिन सद्दाम नींद में होने के कारण कुछ नहीं कर सका। बिल्डिंग गिरने से वो कमरे में फंस गया।

अंतिम बार पिता से हुई बात, शाम को आने को कहा था : जिस समय बिल्डिंग गिरी उससे 15-20 मिनट पहले सद्दाम को उसके पिता ने फोन किया था। होटल मालिक के यहां शादी के कारण कुछ दिन से वो घर नहीं गया था। पिता ने फोन करके घर आने के लिए कहा था। इस पर सद्दाम ने कहा कि शाम को आऊंगा। उसके कुछ देर बाद ही बिल्डिंग गिर गई। सद्दाम इस होटल एंड बार में करीब 1 वर्ष पहले ही नौकरी पर आया था। इससे पहले वो ट्रैक्टर मिस्त्री था। ट्रैक्टर का काम मंदा होने के कारण उसने यहां नौकरी कर ली थी। तीन भाईयों में ये सबसे छोटा था।

दिनभर लोगों की लगी रही भीड़ : घटनास्थल पर रविवार को दिनभर देखने वालों की भीड़ जमा रही। हालांकि रात को सद्दाम का शव मिलने के बाद ही राहत और बचाव कार्य बंद कर दिया गया था । सुबह से जब भीड़ पहुंचने लगी तो पुलिस ने वहां पर फिर से जाब्ता लगाया गया।

खबरें और भी हैं...