परशुराम जयंती 18 को, पूर्व संध्या पर शहर में निकाली जाएगी शोभायात्रा
कोटा| भगवान परशुराम की जयंती बुधवार को मनाई जाएगी। इसमें महानगर के सभी विप्र संगठन मिल कर पूर्व संध्या पर 17 अप्रैल को शाम 4 बजे परशुराम सर्किल से परशुराम वाटिका, बालाजी मार्केट तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। रैली में अखाड़े और झांकियां शामिल होंगी। कार्यक्रम में शहीद भगतसिंह, राजगुरु व सुखदेव के परिवार का सम्मान होगा।
रैली संयोजक गोदावरी धाम के महंत शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि शोभायात्रा के पूर्व परशुराम सर्किल पर पदाधिकारियों का सम्मान किया जाएगा। 501 दीपकों द्वारा भगवान परशुराम की महाआरती होगी। शोभायात्रा भगवान परशुराम सर्किल से प्रारंभ होकर महर्षि गौतम सामुदायिक भवन के पीछे भगवान परशुराम वाटिका में पहुंचेगी। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में विधायक संदीप शर्मा, आईएएस अशोक शेखर, आईजी हरिप्रसाद शर्मा, पूर्व राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा उपस्थित रहेंगे। समाज की ओर से रविवार को कार्ड का विमोचन भी किया गया। इसमें भुवनेश्वर शर्मा, राजेन्द्र गौतम, विकास शर्मा, अनिल तिवारी एवं ईश्वर शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के कार्ड का पदाधिकारियों ने विमोचन किया।
सत्य पर चले और मर्यादित रहे समाज: संदीप शर्मा
कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने बताया कि भगवान परशुराम विष्णु के छठे अवतार थे। वे शास्त्र और शस्त्र में काफी निपुण रहे। उनके हाथ में फरसा और नाम में राम था। उनके जीवन से समाज के लोगों को शिक्षा लेनी चाहिए कि हर समय मर्यादित रहें और सत्य पर चलें। दीन दुखियों व शोषितों की हमेशा सहायता करें। ब्राह्मण समाज की मांग थी कि परशुराम की जयंती पर अवकाश हो। इसके लिए मैं स्वयं सीएम से मिला और उन्हें बताया कि समाज जयंती पर अवकाश चाहता है। इस पर सीएम ने जरा भी देर नहीं की अाैर सरकारी अवकाश घोषित करवा दिया। इसके लिए सीएम का आभार है। परशुराम जयंती के लिए ब्राह्मण समाज सहित अन्य सभी लोगों को शुभ कामनाएं।
शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान: रैली में शहीद भगतसिंह, सुखदेव व राजगुरु के परिवार का सम्मान होगा। यह कोटा में 17 अप्रैल को दोपहर तक कोटा आएंगे। कार्यक्रम में राजगुरु के भतीजे सत्यशील राजगुरु, सुखदेव के पोते अनुज और भगत सिंह के भतीजे अभय सिंह और भतीजी तजवेंदर कौर शामिल होंगे। शोभायात्रा में अखाड़ों के पटेबाज करतब दिखाएंगे। रैली में 5 अखाड़ों के 400 पहलवान शिरकत करेंगे। रामधाम के 101 बटुक मंत्रोच्चार से रैली मार्ग को गुंजायमान करेंगे।