कोटा की टीम ने बनाई क्वार्टर फाइनल में जगह
हैदराबाद बोर्ड ऑफ डिसेबल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित दूसरी दिव्यांग क्रिकेट में आॅल इंडिया विकलांग मित्र एसोसिएशन कोटा की दिव्यांग मारवाड़ टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई। एसोसिएशन के राजस्थान सचिव गोविंद सिंह राजपुरोहित ने बताया कि मारवाड़ टीम ने पहले मैच में गुजरात को 47 रनों से हराया। इस मैच में नाज मोहम्मद मैन ऑफ द मैच रहे। दूसरा मैच मारवाड़ टीम का मध्य प्रदेश के साथ हुआ। मध्य प्रदेश ने पहले खेलते हुए 100 रन बनाए। मारवाड़ टीम ने 15 ओवर में ही लक्ष्य प्राप्त कर लिया। इस मैच में गोपाल ने 17 रन देकर 4 विकेट चटकाए और मैन ऑफ द मैच रहे। दिनेश बैरागी ने सबसे ज्यादा 28 रन बनाकर जीत में मुख्य भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का उद्घाटन साउथ इंडिया के फिल्म स्टार पवन कल्याण ने किया। इस दौरान उन्होंने बोर्ड को 1 करोड़ व राजस्थान की टीम सहित सभी 24 टीमों को 1 -1 लाख रुपए देने की घोषणा की।