यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम में जापान का भ्रमण कर लौटी कोटा की बेटी
कोटा| शिक्षा विभाग की ओर से यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम में पहली बार ताथेड़ सीनियर स्कूल की छात्रा जापान भ्रमण कर गई। निकिता ने बताया कि कभी सोचा भी नहीं था कि प्लेन में बैठकर जापान की सैर कर वहां की टेक्नोलॉजी को जानने मौका मिलेगा। उसने बताया कि जापान इंटरनेशनल को-ऑपरेशन एजेंसी में पहुंचे और वहां के नियमों और अनुशासन को जाना। इसके बाद शिबोरा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में जूनियर और सीनियर स्टूडेंट्स से अनुभव शेयर किए। इसके बाद नोबल विजेता तकाकी कजिता से भी मिले। जिन्होंने कॉस्मिक रेज पर अपनी रिसर्च के अनुभव बांटे। इसके बाद जापान एजेंसी फॉर मरीन अर्थ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में समुद्र की गहराई जानने एवं अन्य समुद्र विज्ञान संबंधी बातों को जाना। इसके बाद हमारी विजिट योकोहामा नेशनल यूनिवर्सिटी में जापानी स्टूडेंट्स से मिलकर वहां के एजुकेशन सिस्टम को जाना। इसके बाद द नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इमर्जिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी मिरैकन में रोबोट संबंधी विज्ञान को बारीकी से समझने और जानने का मौका मिला। यह मेरी लिए अनोखा पल था। सबसे बड़ी बात मेरे लिए यह थी कि मैं कभी ताथेड़ से कोटा ही जा पाई थी, लेकिन मेरी पढ़ाई ने मुझे जापान की यात्रा करवा दी। उसने बताया कि वहां के अविस्मरणीय पल हमेशा यादगार रहेंगे। प्रिंसिपल आदित्य विजय ने बताया कि निकिता ने कक्षा 10वीं में 97.17 प्रतिशत अंक हासिल किए है।