पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Kota
  • लोगों ने कहा बारिश में तालाब बन जाता है वक्फ नगर

लोगों ने कहा-बारिश में तालाब बन जाता है वक्फ नगर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोटा|वार्ड नंबर 20 में निगम ने एक नाले का निर्माण बीच में ही अधूरा छोड़ दिया है। वहीं, दूसरे नाले में गंदगी का अंबार होने के कारण उसका पानी सड़कों पर फैल जाता है। पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण वक्फ नगर मिनी तालाब बन जाता है। वहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। यह पीड़ा वार्ड नंबर 20 के लोगों ने दैनिक भास्कर की ओर से आयोजित रूबरू कार्यक्रम में कही। रविवार को रूबरू चंबल गेस्ट हाउस में हुआ। इस अवसर पर नगर निगम के महापौर महेश विजय और स्थानीय पार्षद युसुफ कड़क मौजूद थे। उन्होंने जनता की शिकायतों का जबाव दिया।

पुराना नाला गोदावरी के बाहर आकर ब्लॉक हो जाता है। कोई सफाई करने नहीं आता। कचरा उठाने वाली गाड़ियां भी नहीं आ रही हैं।-खुशी सिंह

वक्फनगर में आधी रोड दी और आधी छोड़ दी। गोदावरी धाम में एक भी रोड लाइट नहीं है। बरसात का पानी एकत्रित हो जाता है।-निशा शर्मा

यहां खेलने का ग्राउंड नहीं है। नाले के आसपास बच्चों को खेलने पर डर लगता है। यहां कभी भी कोई भी हादसा हो सकता है।-मुमशाद अहमद

वक्फ नगर में बरसात के पानी के निस्तारण के लिए एक नाले का निर्माण हो रहा है। लेकिन नगर निगम ने इसका काम रोक दिया। -साजिद जावेद

भास्कर रूबरू में समस्या बताते लोग।

वार्डवासी बोले; कचरा प्रबंधन की कोई व्यवस्था नहीं

वक्फ नगर में एक नाला पूरी तरीके से चोक हो गया है। सड़क और नाले के बेस में अधिक अंतर नहीं रह गया है। इसे कवर किया जा सकता है-डॉ. हलीम

अब्दुल कलाम सामुदायिक भवन का किराया 40 हजार रुपए है। क्षेत्र में संपन्न लोग नहीं रहते। किराया कम करना चाहिए। - वाहिद कुरैशी

यूआईटी से प्लाट खरीदा, पूरे पैसे भी जमा करवाए। अब यूआईटी कह रही है कि यह प्लॉट घड़ियाल सेंचुरी में आ रहे हैं। - मोहम्मद कलीम

क्षेत्र में चार माह में दो बार ही सफाई कर्मी सफाई के लिए आए हैं। सेंट्रल एकेडमी के पीछे वाले क्षेत्र में भयंकर मच्छर पनप रहे हैं। - मोहम्मद अजहर

लोगों को समस्याओं का समाधान बताते महापाैर महेश विजय।

सफाई व्यवस्था दुरुस्त है। अधरशिला में सफाई की स्थिति ठीक नहीं है। अभी तक टॉयलेट्स नहीं बने हैं। -सोनू अब्बासी

चार साल से किसी ने भी खेल सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया है। खेलने के किट तक नहीं दिए गए। यहां पर टॉयलेट्स और डिस्पेंसरी की भी जरूरत है।-राजिल वारसी

साजीदेहड़ा स्कूल में काम नहीं हो रहा है। कचरा भी समय पर नहीं उठता है। नालियों में कचरा भरा रहता है। इससे काफी परेशानी होती है।-अब्दुल वहीद

हनुमान वाटिका के पास पांच साल से रोड नहीं बनी है। गंदगी फैल रही है। आने जाने वालों को भी समस्या होती है।-संजू

क्षेत्र में काइन हाउस है, लेकिन सबसे ज्यादा जानवर इसी वार्ड में हैं। घड़ियाल सेंचुरी का हवाला देकर यहां पट्टे नहीं बनाए जा रहे हैं, -कमल यदुवंशी

कचरा प्रबंधन की व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। संडे के दिन भी सफाई नहीं हो रही है। अधिकांश लोग पार्षद को नहीं जानते हैं।-शहनवाज

चार साल पहले नाले का निर्माण शुरू हुआ था। जो बीच में ही बंद कर दिया गया। इस कारण बहुत दिक्कत हो रही है।-जाकिर हुसैन

पार्षद यूसुफ कड़क ने करवाए एक करोड़ के कार्य

साजीदेहड़ा :
37 लाख रुपए से विभिन्न सीसी रोड, पाइप लाइन का कार्य करवाया, 19 लाख का कार्य के वर्क आर्डर जारी हो चुके हैं।

वक्फनगर: अधरशिला के सामने सीसी रोड, महाराणाप्रताप रोड पर सीसी रोड, चंबल गार्डन के सामने कच्ची बस्ती में सीसी रोड, चंबल गार्डन के सामने इंटरलॉकिंग

किशोरपुरा: ईदगाह से एलिवेटेड रोड तक सीसी रोड, घोंसी मोहल्ले में सीसी रोड, छोटी-बड़ी बैठक में सीसी रोड, किशोरपुरा पार्क का कार्य। मौजी बाबा की गुफा में सीसी रोड।

दोनों पक्षों को बैठाकर रास्ता निकालेंगे वक्फनगर नाले का : रूबरू कार्यक्रम में वक्फ नगर की समस्या पर महापौर महेश विजय के सामने स्थानीय लोगों ने प्रस्ताव रखा कि इस समस्या का समाधान दोनों पक्षों को साथ बैठाकर किया जाए। इस पर महापौर ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए कहा कि हम खुद भी चाहते हैं कि मामला का समाधान ऐसा हो कि दोनों पक्षों को परेशानी न हो। शीघ्र ही दोनों पक्षों को दिलवाकर इस समस्या का कोई वैकल्पिक समाधान निकाला जाएगा।

50 प्रतिशत लोग पार्षद की शक्ल तक नहीं पहचानते हैं। विवादित बाउंड्री का विवाद भी पार्षद नहीं सुलझा पाए। -मोहम्मद तौसिफ

इन्होंने भी रखी अपनी बात

छोटे चौराहे पर टॉयलेट्स नहीं है। वहां काफी चहल कदमी रहती है। वहीं क्षेत्र में डिस्पेंसरी की भी जरूरत है।-मोहम्मद अनीस

अधरशिला का नाला 32 फीट खुला हुआ है। बारिश में नाला ऊपर तक भर जाता है। कुछ दिनों पहले ही कुछ लोग इसमें गिर गए थे। नाले में सुधार की आवश्यकता है। - इरशाद अली

नाला वर्षों से बंद है। निकासी पर अतिक्रमण कर रखा है। आवारा पशु भी हंै। कचरा प्रबंधन की व्यवस्था भी खराब है।-मोहम्मद रफीक

साजीदेहड़ा में नल नहीं आता है। जलदाय विभाग भी गए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। 10-15 दिन से विभाग के अधिकारी चक्कर कटा रहे हैं। मोहम्मद मुस्तकीम

कब्रिस्तान में मिट्टी डलवाने की जरूरत है। राजीव गांधी पाठशाला में टॉयलेट्स नहीं हैं। इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए।-मोहम्मद इरफान

खबरें और भी हैं...