गुरुद्वारा सरोवर में डूबने से बालक की मौत
सिटी रिपोर्टर | कोटा
बूंदी रोड स्थित अगमगढ़ गुरुद्वारा स्थित सरोवर में शनिवार दोपहर समय 12 वर्षीय बालक डूब गया। सूचना पर नगर निगम के गोताखोरों ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को बाहर निकाला। लेकिन, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। कुन्हाड़ी थाना पुलिस की पड़ताल में बच्चा नयापुरा सब्जीमंडी स्थित माताजी के मंदिर के पास रहने वाले हेमराज धोबी का बेटा सन्नी उर्फ सौरभ निकला। पोस्टमार्टम रविवार को सुबह होगा।
एएसआई शौकत अली ने बताया कि बालक दोस्तों के साथ 12 बजे अगमगढ़ गुरुद्वारा गया था। सरोवर में डूबने का घंटेभर तक किसी को पता नहीं लगा। काफी देर तक सरोवर के पास बालक के कपड़े पड़े रहने पर बच्चे के डूबने की खबर फैल गई। बाद में करीब 1:30 बजे सूचना मिलने पर कुन्हाड़ी थाने से सीआई श्रीचंद जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। घंटे भर तक गुरुद्वारा में मौजूद लोगों ने बच्चे की सरोवर में तलाश की। बच्चा 3 बजे तक भी नहीं मिला। बाद में कंट्रोल रूम पर सूचना देकर निगम के गोताखोरों को बुलाया। वरिष्ठ गोताखोर विष्णु श्रृंगी ने बच्चे को बाहर निकाला।
दोस्तों के साथ गया था बच्चा
एएसआई ने बताया कि बालक नयापुरा में रहने वाले एक परिवार के बच्चों के साथ अगमगढ़ गुरुद्वारा पहुंचा था। लेकिन, रात तक स्पष्ट नहीं हो पाया कि सन्नी किसके साथ गया था। कुन्हाड़ी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।