बैसाखी पर गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं ने टेका मत्था, शिविर में युवाओं ने किया 111 यूनिट रक्तदान
बूंदी रोड स्थित अगमगढ़ गुरुद्वारा में शनिवार को बैसाखी का पर्व मनाया गया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा से गुरु ग्रंथ साहिब दीवान के समक्ष मत्था टेका। यहां शबद कीर्तन से संगत को निहाल किया गया। इसके अलावा पंजाब, राजस्थान व मध्यप्रदेश के युवाओं के बीच कबड्डी मुकाबला हुआ। अगमगढ़ गुरुद्वारा परिसर में हाड़ौती, गुजरात, मध्यप्रदेश व महाराष्ट्र से आए श्रद्धालुओं ने गुरु का लंगर चखा। भूपेंद सिंह आनंद ने बताया कि इस मौके पर 111 यूनिट रक्तदान हुआ। रक्तदान शिविर कोटा ब्लड बैंक सोसायटी के सहयोग से लगाया गया। इसके अलावा मेडिकल चेकअप कैंप में सिख समाज के लोगों ने लाभ लिया।
गुरुद्वारे के जत्थेदार बाबा लक्खा सिंह की अगुवाई में गुरुद्वारे के हॉल में दीवान सजाया गया। जहां दिनभर शबद कीर्तन हुआ। दरबार साहिब हजुरी रागी सतनाम सिंह ने अपने कीर्तन से संगत को निहाल किया। वहीं, फतेहगढ़ साहेब से भाई हरपाल सिंह ढाढी जत्था ने मानवता का संदेश दिया। भजन कीर्तन के बीच श्रद्धालु गुरु ग्रंथ साहिब के आगे मत्था टेक रहे थे। संगत गुरु के भजनों में रागी जत्थेदार के साथ गा रहे थे। सेवादार सुखविंदर सिंह ने बताया कि कीर्तन में गुरुवाणी के बारे में संगत को बताया गया। पूरे दिन पांडाल में वाहे गुरु जी का खालसा के जयकारे लगते रहे। इधर रविवार को सुबह 10 बजे अमृत संचार किया जाएगा। इस मौके पर सांसद ओम बिरला, विधायक संदीप शर्मा, पूर्व सांसद इज्यराज सिंह, पूर्व मंत्री शांति धारीवाल, आईजी जेल रुपिंदर सिंह व तरुमीत सिंह बेदी समेत हाड़ौती भर से सिख समाजबंधु मौजूद रहे।
अगमगढ़ गुरुद्वारे में बैसाखी पर दीवान सजाया गया।
कबड्डी में दांव लगाते खिलाड़ी।
स्टेशन गुरुद्वारे में हुआ शबद कीर्तन
बैसाखी पर्व स्टेशन गुरुद्वारे में भी मनाया गया। अमरप्रीत सिंह माखीजा ने बताया कि ज्ञानी जसबीर सिंह ने शबद कीर्तन कर संगत को निहाल किया। यहां श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका।
कोटा व पंजाब मोगा की टीमों ने जीता कबड्डी मुकाबला
अगमगढ़ गुरुद्वारा में शाम 4 बजे कबड्डी का मैच हुआ। कोटा-शिवपुरी व पंजाब मोगा-पंजाब फिरोजपुर के बीच मुकाबला हुआ। कोटा की टीम ने मध्यप्रदेश शिवपुरी की टीम को 36-30 अंक के मुकाबले से हराया। वहीं मोगा की टीम ने फिरोजपुर की टीम को 46-42 के मुकाबले में हराया। विजेता टीमों को सम्मानित किया गया।
गुरुग्रंथ साहिब ले जाते हुए।
शिविर में रक्तदान करते युवा।
लगाया मेला, बरता लंगर
अगमगढ़ गुरुद्वारे में अटूट लंगर बरता गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद के रूप में दाल रोटी, मीठे चावल, मीठी गुंदी, पूड़ी को चखा। साथ ही श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने के लिए मीठी लस्सी व मीठा शर्बत पिलाया गया। वहीं, गुरुद्वारे से पहले रास्ते में श्रद्धालुओं व राहगीरों को शर्बत पिलाया गया। वहीं, यहां ग्रामीण मेला लगाया गया। जहां चाट, पकौड़े व झूलों का लोगों ने आनंद लिया। पूरे परिसर में गर्मी से राहत देने के लिए कूलर लगाए गए थे।