नामी ब्रांड के नाम पर नकली घी बनाने और बेचने वाला गिरफ्तार
गुरुवार को पकड़ा गया था अवैध कारखाना
कोटा | बड़े ब्रांड की आड़ में नकली घी बनाने और बेचने के मामले में अनंतपुरा पुलिस ने आरोपी ऋषभ एंटरप्राइजेज के मालिक प्रेमचंद जैन को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और अब पुलिस दूसरे ब्रांड की फर्मों से भी संपर्क करेगी। पुलिस शनिवार को जैन को कोर्ट में पेश करेगी। गौरतलब है कि तपन एग्रो इंडस्ट्रीज की शिकायत पर अनंतपुरा पुलिस ने गुरुवार को भामाशाहमंडी गेट नंबर दो के पास स्थित ऋषभ एंटरप्राइजेज के कारखाने पर छापा मारा था।
वहां पर 10 से ज्यादा अलग-अलग ब्रांड का करीब 11 हजार 820 लीटर नकली घी मिला। यह घी 640 अलग-अलग डिब्बों, कार्टन, थैलियों और टीन में पैक था। कारखाने में कई मशीनें, डिब्बे, खाली रैपर, घी, कच्चा माल सहित अन्य सामग्री मिली है, जिसे पुलिस ने कारखाने समेत सीज कर दिया है।