500 बच्चों को निशुल्क मिलेगी एंट्रेंस एग्जाम की कोचिंग
एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट की स्थापना के 30 साल पूरे होने पर पूरे साल को सेलिब्रेशन ईयर के रूप में मनाएगा। इसके तहत सदी के महानायक अमिताभ बच्चन व मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को कोटा बुलाने का प्रयास किया जा रहा है। 18 अप्रैल 1988 में एलन की स्थापना की गई थी। एलन में आयोजित प्रेस काॅन्फ्रेंस में निदेशक राजेश माहेश्वरी ने कहा कि 18 अप्रैल को देशभर के 14 शहरों में स्थित 101 कैंपस में एक साथ सुंदर कांड पाठ होगा। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार के साथ एमओयू कर राजस्थान के सरकारी स्कूलों के 50 विद्यार्थियों को निशुल्क कोचिंग देने की शुरुआत की। इस साल यह लक्ष्य बढ़ाकर 500 विद्यार्थियों तक कर दिया गया है। इसके तहत राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों के सरकारी स्कूलों के निर्धन व प्रतिभावान विद्यार्थियों को दो साल तक कक्षा 11 व 12 में आईआईटी एंट्रेंस व नीट की निशुल्क शिक्षा दी जाएगी। शहीदों के बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके तहत शहीदों के बच्चों को शुल्क में 90 प्रतिशत तक रियायत दी जाएगी। इसके अलावा सामान्य सैनिकों के बच्चों को भी शुल्क में रियायत दी जाएगी।
एलन की स्थापना के 30 साल होने पर साल भर चलेगा उत्सव, अमिताभ बच्चन व सचिन तेंदुलकर को कोटा बुलाने के प्रयास
स्थापना के 30 साल पूरे हाेने पर इनहाउस पब्लिकेशन के नए एडिशन को लॉन्च करते हुए।
यह रहेंगे 2018 के संकल्प : इस साल 750 कर्मचारियों को हवाई यात्रा करवाने के साथ बारां रोड स्थित कैंपस में क्लासेज शुरू करने का लक्ष्य है। जो कि अगस्त तक पूरा हो जाएगा। सोलर पैनल आधारित यह पहला भवन होगा। स्मोक फ्री क्षेत्र के साथ ही रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी लगाया जाएगा। जवाहरनगर स्थित कैंपस में 1430 सिटिंग कैपेसिटी का ऑडिटोरियम बनाया जाएगा।
सफाई की सभी 823 अपील पर एक्शन
माहेश्वरी ने बताया कि एलन स्वच्छता अभियान जारी है। इसके तहत 150 स्वच्छता कार्मिकों की टीम शहर की सफाई में जुटी है। अब तक 833 अपील एलन हेल्पलाइन पर आई, इसमें से 823 को हल कर दिया गया। एक विद्यार्थी- एक पौधा के तहत पिछले साल शहर में एक लाख पौधे लगाए गए। शहर में छावनी क्षेत्र में अंडरग्राउंड डस्टबिन लगवाए। छावनी क्षेत्र में जो एरिया सबसे खराब दिखता था, आज साफ दिखता है। जल स्वावलंबन अभियान में अब तक सवा करोड़ की राशि दी जा चुकी है।