दशहरा मैदान के स्वरूप को बदलने के विरोध में पूर्व सांसद ने दोबारा लिखा पत्र
पूर्व सांसद इज्यराज सिंह नेे मंगलवार को राजस्थान के स्वायत्त शासन मंत्री को दोबारा पत्र लिखकर दशहरा मैदान का गुपचुप तरीके से लैंड यूज बदलने एवं जीर्णोद्धार कार्य में परिवर्तन करने का विरोध दर्ज कराया है। सिंह नेे पत्र में लिखा कि कोटा की ऐतिहासिक धरोहर दशहरा मैदान में इन दिनों स्मार्ट सिटी के तहत जीर्णोद्धार कार्य चल रहा है। इस संबंध मे उन्होंने पिछले माह एक पत्र के माध्यम से गलत तरीके से लैंडयूज परिवर्तन करने के बारे में अवगत कराया था। 16 अप्रैल को मेला समिति की बैठक में सत्ता पक्ष के सदस्यों ने भी दशहरा मैदान की जमीन को गुपचुप तरीके से बेचने की योजना पर कड़ी आपत्ति जताई है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि उनसे चर्चा किए बिना इस योजना को अमली जामा पहनाने की कोशिश की जा रही है।
इस योजना को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,। एक इंच भी जमीन बेची गई तो उसका विरोध किया जाएगा। सिंह ने लिखा कि कोटा की ऐतिहासिक धरोहर दशहरा हमारी आस्था का मेला है। इसके साथ कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।