टीबी की दवा की ऑनलाइन बिक्री पर पाबंदी लगाओ
कोटा|टीबी की दवाइयां ऑनलाइन बेचे जाने के विरोध में कोटा होलसेल केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों ने मंगलवार को औषधि नियंत्रक के नाम सहायक औषधि नियंत्रक को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा है कि ऑनलाइन बिक्री पर तत्काल पाबंदी लगाई जाए। सदस्यों ने कहा कि गत दिनों भास्कर में खबर प्रकाशित हुई, जिसमें बताया गया कि बिना डॉक्टर के पर्चे व आईडी के टीबी की दवाइयां ऑनलाइन बेची जा रही है, जबकि इसमें सजा का प्रावधान है। सोसायटी के सदस्यों ने यह भी कहा कि खुदरा दवा विक्रेताओं पर औषधि नियंत्रण संगठन आए दिन कार्रवाई करते रहते हैं, लेकिन ऑनलाइन कंपनियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। इन कंपनियों पर किसी तरह की पाबंदी नहीं है, जबकि वे नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाती रहती हैं। साथ ही एसएसओआईडी की अंतिम तिथि बढ़ाने व इस काम में विभाग द्वारा मदद करने की भी मांग की गई।