हिस्ट्रीशीटर को 22 अप्रैल तक रिमांड पर सौंपा
हिस्ट्रीशीटर की फायरिंग में घायल हुए गुमानपुरा थाने के कांस्टेबल नरेंद्र सिंह का मंगलवार सुबह ऑपरेशन कर शोल्डर में फंसी गोली निकाल ली गई। उधर, गिरफ्तार आरोपी हिस्ट्रीशीटर शानू उर्फ शाहनवाज को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 22 अप्रैल तक रिमांड पर सौंप दिया। गुमानपुरा पुलिस ने बताया कि आरोपी को फायर कर हत्या का प्रयास करने और राजकार्य में बाधा डालने तथा अवैध हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि सोमवार रात को यह घटना हुई थी। पुलिसकर्मियों को सूचना मिली थी कि विज्ञाननगर का हिस्ट्रीशीटर शानू उर्फ शाहनवाज कोटड़ी क्षेत्र में घूम रहा है। तभी पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। फकीरों की मस्जिद की गली में गुमानपुरा थाने के कांस्टेबल नरेंद्र सिंह ने उसे पकड़ लिया। तभी शानू ने उस पर फायर कर दिया। नरेंद्र के एक गोली गर्दन पर दांई तरफ तथा दूसरी गोली बांई तरफ शोल्डर में लगी थी। गर्दन के पास लगी गोली तो घाव से स्वतः निकल गई, जबकि दूसरी गोली को मंगलवार को ऑपरेशन करके निकाला जा सका।
कांस्टेबल की हालत ठीक
ऑपरेशन करने वाले सर्जन डॉ. आरके अग्रवाल के मुताबिक, कांस्टेबल पर दो फायर हुए और यह तकदीर की बात है कि दोनों फायर से कोई भी वायटल ऑर्गन को नुकसान नहीं हुआ। शोल्डर पर लगी गोली भी सिर्फ मांस में धंसकर रह गई, हड्डी को किसी तरह की चोट नहीं आई। अब वह पूरी तरह ठीक है।