शोभायात्रा में दिखी ब्राह्मण समाज की एकजुटता, युवाओं ने दिखाए करतब
ब्राह्मण समाज व महर्षि परशुराम के जोशीले नारे... नाचते गाते महिला पुरुष... पटेबाजों के हैरतअंगेज करतब... घोड़े पर सवार समाज के युवा और बग्घियों में बैठे साधु-संत व शहीदों के परिजन यह नजारा मंगलवार को परशुराम जयंती की पूर्व संध्या पर समाज की ओर से निकाली गई शोभायात्रा में दिखा। इस शोभायात्रा में शहर का पूरा ब्राह्मण समाज एकजुट नजर आया। बुधवार को शहर में भगवान परशुराम जयंती मनाई जाएगी।
तलवंडी से शोभायात्रा को विधायक संदीप शर्मा और गोदावरी धाम के बाबा शैलेंद्र भार्गव ने झंडी दिखाकर रवाना किया। शोभायात्रा के प्रारंभ में कोटा में आए शहीद भगतसिंह, सुखदेव व राजगुरु के परिजनों का ब्राह्मण समाज ने दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया। परशुराम सर्किल पर ब्राह्मण समाज के विभिन्न घटकों के अध्यक्षों, सभी अखाड़ों के उस्ताद व सभी संतो का सम्मान किया गया। शोभायात्रा में 20 बग्गियों पर संत व शहीदों के परिजन विराजमान थे। परशुराम भगवान के साथ ही अलग-अलग ब्राह्मण घटकों की करीब 11 झांकियां और भजन मंडलियां चल रही थी। मार्ग में लगभग 125 स्वागत द्वार लगाकर विभिन्न संस्थाओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
इस दौरान विधायक विद्याशंकर नंदवाना, उपमहापौर सुनीता व्यास, कांग्रेस शहर अध्यक्ष गोविंद शर्मा, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष ममता शर्मा, यूआईटी के पूर्व चेयरमैन रविंद्र त्यागी, शिवकांत नंदवाना, विकास शर्मा, प्राची दीक्षित, अनूप ठाकुर, राजेंद्र गौतम, रामस्वरूप शर्मा, अनिल तिवारी, ईश्वर शर्मा, धर्मेंद्र दीक्षित, हरीश शर्मा, सीताराम शर्मा, ब्रजराज गौतम, किशन पाठक, अरविंद कौशल, विद्याशंकर गौतम और राखी गौतम आदि उपस्थित थे।
ब्राह्मण समाज की ओर से शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा में शामिल विधायक संदीप शर्मा।
ब्राह्मण जप और तप से पैदा हुई शक्ति का नाम है: संदीप शर्मा
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज के दम पर आज मैं यहां खड़ा हुआ हूं। ब्राह्मण समाज की सेवा करने में मुझे जितना गर्व और आनंद महसूस होता है, मैं उसकी कल्पना नहीं कर सकता। ब्राह्मण समाज ने हमेशा सभी समाजों को साथ लेकर समाज के उत्थान की बात की है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण जप और तप से पैदा हुई शक्ति का नाम है, ब्राह्मण स्वाभिमान का नाम है और कठिन परिश्रम में जीने का नाम है। ब्राह्मण समाज ने हमेशा अपनी उत्कृष्ट पहचान दी है। हमें दीनहीन, दुखियों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। हम सबको एकजुट रहकर समाज काे सशक्त करना होगा। उन्होंने कहा कि सीएम ने ब्राह्मण समाज की मांग को स्वीकार किया और परशुराम जयंती के लिए अवकाश घोषित किया। इसके लिए वे उनका आभार जताते हैं।
शोभायात्रा का हुआ स्वागत: प्रदेश वैश्य युवा महासम्मेलन ने शोभायात्रा घटोत्कच सर्किल पर स्वागत किया। युवा जिलाध्यक्ष रामबाबू गुप्ता ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष मुकेश विजय के नेतृत्व में संतों को माला पहनाकर स्वागत किया। वहीं, अखिल राजस्थान सनाढ्य ब्राह्मण महासभा की ओर से सेंट्रल पब्लिक स्कूल के सामने स्वागत किया गया। प्रदेश महामंत्री किशन पाठक ने बताया कि ब्राह्मण महासभा द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
कार में लगी आग, पुलिस ने तीन लोगों को बचाया: शोभायात्रा में शामिल एक कार में तलवंडी सर्किल के पास आग लग गई। वहीं तैनात ट्रैफिक पुलिस के एएसआई सत्यनारायण ने पुलिसकर्मियों की मदद से कार में सवार तीन लोगों को बाहर निकाला और पास के नल से पाइप लगाकर उसमें पानी छिड़का और कार एक तरफ किया। तब जाकर उसकी आग बुझी।
बच्चों ने भी हैरतअंगेज करतब दिखाए।