एक दिन में देंगे 2700 घरेलू गैस कनेक्शन
प्रधानमंत्री ग्राम उज्ज्वला योजना में कोटा जिले की 27 पंचायतों के 2700 चयनित उपभोक्ताओं को लिक्विड पेट्रोलियम गैस घरेलू गैस मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।
पेट्रोलियम गैस कंपनीज के समन्वयक कुलजीत कुमार ने बताया कि 20 अप्रैल को 27 गांवों में ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत हर पंचायत के 100 उपभोक्ताओं को प्रमाणित दस्तावेजों के आधार पर फ्री कनेक्शन दिया जाएगा। इनमें प्रथम चरण में बीपीएल, अनुसूचित जाति, जन जाति, राशन कार्डधारक, अंत्योदय परिवारों को शिविर में प्राथमिकता दी जाएगी। शिविर कोटा शहर में प्रेमनगर चौराहे पर 20 अप्रैल को सुबह 11 से 2 बजे तक लगाया जाएगा। 5 मई को जिले के रामगंजमंडी क्षेत्र के तीन गांवों लक्ष्मीपुरा तथा सहरावदा और ढींगसी को धुआं मुक्त कर दिया जाएगा। वन विभाग की योजना में आने वालों को भी प्राथमिकता देंगे। इसके लिए सर्वे का काम चल रहा है। कुलजीत कुमार ने बताया कि उन्होंंने बताया कि हाड़ौती में एलपीजी के 16 लाख उपभोक्ता हैं। कोटा शहर में ही ढ़ाई लाख हैं। इन शिविरों में उपभोक्ताओं को सुरक्षित तरीके से गैस के उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। हाड़ौती एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के सचिव अरविंद गुप्ता ने कहा कि गैस एजेंसियां इसके लिए पूरी तैयार हैं और वे 20 को गांवों में शिविर लगाएगी।