इंजीनियरिंग-मेडिकल छात्र भिड़े, 3 के सिर फूटे
बार के बाहर नशे में भिड़े, घायल नए अस्पताल में भर्ती
कोटा | इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज के छात्रों के दो गुटों ने शुक्रवार रात 1 बजे महावीर नगर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। दोनों गुट एक बार के बाहर भिड़ गए। दोनों ने एक-दूसरे के साथ जमकर मारपीट की, जिसमें 3 जनों के सिर फट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों गुटों में समझाइश करके माहौल शांत करवाया। देर रात 2:00 बजे तक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इस मामले को लेकर हंगामा चलता रहा। हालांकि पुलिस ने मामले को संभाल लिया था। महावीर नगर सीआई ताराचंद ने बताया कि एलआईसी बिल्डिंग के पीछे अंगारा बार के बाहर देर रात इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज के छात्रों में आपस में मारपीट हो गई। दोनों ही पक्षों के शराब के नशे में होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। मारपीट में घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अभी किसी भी पक्ष की तरफ से कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। दोनों ही जगह पर पुलिस जाप्ता तैनात है।