5 नई जेसीबी आई, अब 10 डंपर खरीदेगा निगम
कोटा | नगर निगम में सफाई व्यवस्था के लिए 5 नई जेसीबी मशीन आईं तो डंपर खराब हो गए। समस्या के समाधान के लिए 10 नए डंपर खरीदे जाएं। यह निर्णय शनिवार को उपमहापौर सुनीता व्यास की अध्यक्षता में हुई सफाई समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में उपमहापौर ने कहा कि प्रतिदिन वार्डों में फॉगिंग के लिए हर दिन पेट्रोल, डीजल व दवाइयां उपलब्ध करवाई जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बरसाती नालों की सफाई की योजना तैयार की जाए।
बैठक में पार्षद रमेश आहूजा ने कहा कि कई बाजार से टिपर बंद हो चुके हैं। इस पर यह भी निर्णय लिया गया कि शहर में ठेकेदार के माध्यम से चल रहे टिपर की प्रभावी मॉनीटरिंग की जाए। जिन टिपर पर हेल्पर नहीं आ रहे उनकी कटौती की जाए। टिपर को वार्ड के सभी मकानों, दुकानों से कचरा संग्रहण के लिए पाबंद किया जाए तथा टिपर ठेकेदार को नोटिस जारी किया जाए कि ठेका शर्त अनुसार घर-घर कचरा संग्रहण कार्य पूर्ण समय करे अन्यथा कटौती के साथ ही ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पार्षद नरेन्द्र सिंह हाड़ा, रमेश आहूजा, देवेन्द्र चौधरी, भगवान स्वरूप गौतम, रेखा जैन, शकुंतला बैरवा, गिरिराज महावर, राखी गौतम, उपायुक्त राजेश डागा उपस्थित रहे।