पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Kota
  • रेलवे में नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र सामने आया

रेलवे में नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र सामने आया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ट्रांसपोर्ट रिपोर्टर | कोटा

रेलवे में नौकरी के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र बनाने का मामला सामने आया है। मंगलवार को कार्मिक विभाग सक्रिय हुआ। बाद में डीआरएम कार्यालय के इंजीनियरिंग विभाग के चीफ ओएस रम्मी कपूर ने भीमगंजमंडी थाने में शिकायत दी है।

डीआरएम कार्यालय कोटा में एक फर्जी नियुक्ति पत्र का मामला 16 अप्रैल को चर्चा में आया था। नियुक्ति पत्र में सांगानेर जयपुर निवासी राज को 16 अप्रैल को सुबह 10 बजे नियुक्ति के लिए उपस्थिति देने की बात कही गई थी। नियुक्ति पत्र पर इंजीनियरिंग विभाग के सबसे बड़े अधिकारी की मुहर लगी थी। चीफ ओएस के फर्जी साइन थे। मामला रेलवे के कार्मिक विभाग के अधिकारी एचएस मीणा के पास पहुंचा। उन्होंने चीफ ओएस रम्मी कपूर को बुलाकर पूछताछ की तो कपूर ने नियुक्ति पत्र जारी किए जाने से इनकार किया। 17 अप्रैल को कार्मिक विभाग के अधिकारी ने आरपीएफ से सहयोग मांगा। आरपीएफ कमांडेंट आरपीएस सिंह व पोस्ट प्रभारी मनीष शर्मा को सूचना दी गई। आरपीएफ मौके पर पहुंची। लेकिन, मामला भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र का होने के कारण उसी थाने में शिकायत देने को कहा गया।

रेलवे कॉलोनी के एक युवक को बुलाया : फर्जी नियुक्ति का मामला सामने आने के बाद रेलवे कॉलोनी शिव मंदिर के पास निवासी युवक को डीआरएम कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया था। उसके खिलाफ शहर के थाने में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने का मामला दर्ज हैं। लेकिन बाद में उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर धोखाधड़ी की है

भीमगंजमंडी सीआई रामखिलाड़ी मीणा ने बताया कि शिकायत में कहा गया है कि अधीनस्थ कर्मचारी अोमप्रकाश तेजस्वी ने नियुक्ति पत्र के बारे में बताया था। नियुक्ति पत्र की फोटो कॉपी देखने के बाद चीफ ओएस रम्मी कपूर ने साइन उनके नहीं होने की बात कही है। शिकायत में कहा गया है कि अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर धोखाधड़ी की है। इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी के मुहर का दुरुपयोग किया गया है। इस बारे में डिप्टी शिव भगवान गोदारा का कहना है कि शिकायत दी गई है। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस को रेलवे के चीफ ओएस रम्मी कपूर को अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करने संबंधी शिकायत की है। शिकायत में अभी किसी का नाम नहीं लिखा है कि किसने नियुक्ति पत्र जारी किया। नियुक्ति पत्र पर डिस्पेच नंबर, क्रमांक नंबर, किस पद पर नियुक्ति दी जाने वाली है, ऐसा कुछ अंकित नहीं है। नियुक्ति पत्र सादा कागज पर है। पुलिस मामले की जांच करेगी। -रामखिलाड़ी, सीआई भीमगंजमंडी

रेलवे में फर्जी नियुक्ति पत्र का मामला कार्मिक विभाग को भी पता लगा था। चीफ ओएस रम्मी कपूर ने नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए जाने की बात कही है। मामला पुलिस को सौंप दिया है। -एचएस मीणा, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी

खबरें और भी हैं...