बाबा साहब के जीवन पर डाला प्रकाश
कोटा | जेडीबी गर्ल्स आर्ट्स कॉलेज में शुक्रवार को डॉ. अांबेडकर जयंती मनाई गई। कॉलेज प्रशासन की ओर से डॉ. अांबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। राजनीति विज्ञान की विभागाध्यक्ष डॉ. शम्मी खंडेलवाल ने संविधान निर्माण में डॉ. अांबेडकर की भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रिंसिपल डॉ. अनिता गुप्ता, डॉ. प्रेमलता परसोया, डॉ. सोमवती शर्मा, डॉ. वंदना शर्मा, डॉ. बबीता सिंघल ने भी डॉ. अांबेडकर के जीवन एवं समाज दर्शन पर प्रकाश डाला।
वहीं, दूसरी ओर ताथेड़ सीनियर स्कूल में संविधान निर्माता डॉ. अांबेडकर की जयंती पर स्टूडेंट्स को प्रोजेक्टर के माध्यम से फिल्म दिखाकर डॉ. अांबेडकर का जीवन परिचय बताया। प्रिंसिपल आदित्य विजय ने बताया कि इस मौके पर आईसीटी लैब प्रभारी महेंद्र यादव ने वर्चुअल लैब में इनके जीवन परिचय पर आधारित मूवी दिखाई। इस मौके पर राजेंद्र कुमार बैरवा, चंद्रेश खंडेलवाल, राजकुमार गुप्ता, देवेन्द्र सिंह सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। वहीं, प्रबुद्धजन विचार मंच द्वारा आंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर सुमन भारती स्कूल लाडपुरा में व्याख्यानमाला हुई। यहां भाजपा के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नेता खंडेलवाल, श्याम मनोहर हरित, अलका मेवाड़ा ने डॉ. आंबेडकर के जीवन एवं कार्यों पर प्रकाश डाला। संचालन विचार मंच के संयोजक पुरुषोत्तम अजमेरा ने किया। कोटा विश्वविद्यालय डाॅ. बीआर अांबेडकर शोध पीठ के तत्वाधान में दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत निबंध प्रतियोगिता व सेमिनार हुआ। शनिवार को वर्तमान परिप्रेक्ष्य में डाॅ. अांबेडकर की प्रासंगिकता विषय पर सेमिनार हुआ। मुख्य अतिथि प्रो. दुर्गाप्रसाद अग्रवाल तथा मुख्य वक्ता तुलसीराम व कुलसचिव डाॅ . संदीप सिंह चौहान रहे। अध्यक्षता कुलपति प्रो. पी.के. दशोरा ने की। वर्धमान महावीर खुला विवि में भी आयोजित सेमिनार में अंबेडकर के जीवन वृत्त पर बनी डाक्यूमेंटरी का प्रसारण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक अकादमिक प्रो. एलआर गुर्जर ने की।
क्षत्रिय खटीक समाज युवा विकास समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को आंबेडकर सर्किल नयापुरा कोटा पर संभागीय अध्यक्ष दीपक खींची के नेतृत्व में युवा विकास समिति के पदाधिकारियों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर 251 दीप प्रज्वलित किए। यह जानकारी संभागीय महामंत्री भुपेंद्र सामरिया ने दी।
आज होंगे ये कार्यक्रम: आंबेडकर जयंती पर शहर भाजपा की ओर से अदालत परिसर कोटा स्थित आंबेडकर प्रतिमा पर शनिवार को सुबह 9 बजे माल्यार्पण व विचार सभा होगी। इसमें सांसद ओम बिरला समेत सभी विधायक, जिलाध्यक्ष हेमंत विजयवर्गीय, महापौर, यूआईटी अध्यक्ष व अन्य नेता मौजूद रहेंगे। आंबेडकर जयंती पर शनिवार को शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से पूर्व गृह मंत्री शांति धारीवाल की अगुवाई में सुबह 9 बजे अदालत चौराहे पर आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। दोपहर 12 बजे गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में गोष्ठी होगी।