पानी बचाने के संकल्प के साथ भास्कर के जल मित्र अभियान की शुरुआत
हमें अगर कल देखना है तो आज ही पानी बचाना होगा। आज बचाया हुआ पानी हमारे बच्चों के लिए कल काम आएगा। इस संदेश के साथ दैनिक भास्कर ने शहर में पानी बचाने की मुहिम शुरू की है। भास्कर ने शहर में जलमित्र बनाए हैं। इन जल मित्रों को मंगलवार को कलेक्टर गौरव गोयल ने पानी बचाने व लोगों को जागरूक करने की शपथ दिलाई। जल मित्रों ने कहा कि शहर में जरा भी व्यर्थ पानी नहीं बहने देंगे और लोगों को समझाएंगे कि पानी की ज्यादा से ज्यादा बचत करेंगे।
दैनिक भास्कर जल मित्र अभियान संकल्प समारोह में टैगोर हाल में कलेक्टर गौरव गोयल ने कहा कि प्रदेश में ही कई जिले ऐसे हैं, जहां पानी की काफी कमी हो गई है। महिलाएं छह-छह किलोमीटर दूर से पानी भर कर ला रही हैं। कई गांवों में तो पानी के साधनों पर पहरेदारी लगानी पड़ती है। कई जिलों में 135 लीटर प्रति व्यक्ति पानी प्रतिदिन दिया जा रहा है, जबकि कोटा में आने पर पता चला कि यहां प्रतिदिन 400 लीटर पानी दिया जा रहा है। यहां अधिकतर स्थानों पर दिनभर पानी आता है। जलदाय विभाग के आंकड़े बताते हैं कि 30 फीसदी पानी व्यर्थ बह रहा है। ऐसे में भास्कर का जलमित्र बनाने और पानी बचाने की मुहिम काफी सराहनीय है। वे इस अभियान में पूरी सक्रियता निभाएंगे और जलदाय विभाग को भी पाबंद करेंगे कि वे लीकेज रोकें। पानी की बर्बादी कम से कम हो। उन्होंने जल मित्रों को शपथ दिलाते हुए कहा कि जलमित्र बनना ही सबकुछ नहीं है। जलमित्र बनकर पानी व्यर्थ बहने के साथ-साथ लोगों को जागरूक करें कि आज पानी को नहीं बचाया तो कल बच्चों को पीने का पानी भी नहीं मिल सकेगा। कहीं भी पानी की बर्बादी नहीं होने दें।
कलेक्टर गौरव गोयल ने जल मित्रों को दिलाई पानी बचाने व लोगों को जागरूक करने की शपथ
भास्कर को करें सूचित
भास्कर एडिटर बिजेंद्र सिंह शेखावत ने जल मित्रों को भास्कर के अभियान की जानकारी दी और उन्हें कहा कि कहीं भी पानी की बर्बादी सरकारी लेवल पर हो तो उसके बारे में सीधे भास्कर को बताएं, जिससे उसको ठीक करवाया जा सके। कार्यक्रम में जलमित्र मुकेश विजय, संजय गोयल, विशाल जोशी, डॉ. प्राची दीक्षित, नीलम विजय, तृप्ति नागर, सुनील गौतम, रोहणी कोहली, रेखा जैन, रीता मेवाड़ा, मिनी जैन, सुमित विजय, वैभव सिंघल, रामबाबू गुप्ता, अनुपम गुप्ता, घनश्याम ओझा सहित अन्य मौजूद थे।