कोटा| सरकार ने बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत हो रही लहसुन खरीद की तारीख शुक्रवार देर शाम को बढ़ाई। वहीं 18 मई को खरीद की अंतिम तारीख के चक्कर में इस दिन हाड़ौती भर में संचालित 12 खरीद केंद्रों पर 445 किसानों ने पहुंचकर एक ही दिन में 14025 क्विंटल लहसुन राजफैड को बेचा है। राजफैड के आरएम नरेश शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार तक हाड़ौती संभाग में 1 लाख 29 हजार मीट्रिक टन की एवज में 64523.50 क्विंटल लहसुन किसानों से खरीदा जा चुका है। गुरुवार तक लहसुन खरीद का आंकड़ा 50498.50 क्विंटल था। उन्होंने बताया कि संभाग के सभी 12 केंद्रों पर लहसुन की खरीद सुचारू रूप से चल रही है। आरएम के अनुसार दिल्ली में अभी तक खरीदे गए लहसुन के 56 हजार से ज्यादा कट्टे भेजे जा चुके है। लेकिन समय पर लहसुन की बिक्री नहीं होने से ट्रक निर्धारित समय पर वापस नहीं आ रहे है। ऐसे में ट्रांसपोर्टेशन में राजफैड को दिक्कत आ रही है। जबकि राजफैड के पास अभी 72 हजार से ज्यादा कट्टे दिल्ली भेजने है। दिल्ली में लहसुन 13 से लेकर 1400 रुपए क्विंटल में बिक रहा है।