कोटा | तेज गर्मी और लू से शहरवासियों को राहत नहीं मिल पा रही है। 11 मई के बाद पहली बार अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री हो गया। 11 मई को पारा 44.8 डिग्री दर्ज किया गया था। तापमान में बढ़ोतरी के साथ सुबह 11:30 बजे से तेज हवा और लू का दौर शुरू हुआ जो शाम 5:30 बाद तक जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को न्यूनतम पारा 28.9 से बढ़कर 30.5 डिग्री पहुंच गया है।
शनिवार सुबह से ही तेज गर्मी का असर बना रहा। सुबह 11 बजे लू के थपेड़े चलते रहे। स्थिति यह रही कि सुबह 11:30 बजे का पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे 43.6 और शाम 5:30 बजे 42.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अजीतपाल भाटिया के अनुसार रविवार को आंधी, बारिश की संभावना है। वहीं तापमान 44 से 45 डिग्री रहने की उम्मीद है।