कोटा|दो अलग-अलग हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। शुक्रवार देर रात कैथून स्थित पेट्रोल पंप के पास हुई। जहां मेटाडोर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। सीआई पुष्पेंद्र सिंह आड़ा ने बताया कि कोटा के प्रेम नगर निवासी ओम प्रकाश, दीपक और अक्षय गंदीफली स्थित ईंट भट्टे पर काम करने जा रहे थे। कैथून में पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही मेटाडोर ने टक्कर मार दी। हादसे में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ओमप्रकाश ने अस्पताल में दम तोड़ा। अक्षय घायल है। वहीं, शनिवार शाम झालावाड़ हाइवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सूर्यनगर निवासी शगिर (32) की मौत हो गई, जबकि अनंतपुरा का मो.उस्मान और उड़िया बस्ती का मो. शाहरुख घायल हो गया।
गंभीर घायल की मरहम-पट्टी कर भेज दिया, परिजन भर्ती करने के लिए गिड़गिड़ाते रहे, नहीं माने डॉक्टर
कोटा| एमबीएस के डॉक्टरों ने दुर्घटना में घायल अक्षय को जबरन डिस्चार्ज कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हम गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भर्ती रखने से मना कर दिया। कोटा-कैथून रोड पर शुक्रवार देर रात ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी थी, जिसमें 2 बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं, अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गया। अक्षय के पैर के दोनों पंजों, घुटनों पर गंभीर चोट आई। उसे एमबीएस पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मरहम पट्टी कर शनिवार सुबह 8 बजे ही इमरजेंसी से रवाना कर दिया। परिजनों ने बताया अक्षय से चला भी नहीं जा रहा है। डॉक्टरों से भर्ती करने के लिए गिड़िगड़ाते रहे लेकिन, उनकी एक न सुनी।