कोटा | भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व पूर्व मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि अभी देश में 100 साल तक आरक्षण खत्म नहीं हो सकता। देश विरोधी ताकतें अशांति फैलाने के लिए इस तरह की झूठी खबरें फैला रही हैं कि मोदी सरकार और आरएसएस आरक्षण विरोधी हैं। जबकि मैं पीएम और राष्ट्रपति से मिलकर आया हूं।
उन्होंने स्पष्ट कहा है कि हमने कभी आरक्षण का विरोध नहीं किया। दिलावर ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि अंबेडकर का अपमान कांग्रेस ने किया। देश से आरक्षण को खत्म करने की बात राहुल गांधी के पूर्वजों ने की, अब उन्हीं की पार्टी भाजपा-आरएसएस के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है। जब तक इस देश में छुआछूत है, आरक्षण खत्म नहीं हो सकता। आज भी आरक्षित वर्ग के व्यक्ति को बराबर से नहीं बैठाया जाता। जबकि समाज में सब बराबर हैं। जब तक एक जाजम पर एक थाली में भोजन करने की तस्वीर साकार नहीं होगी, आरक्षण को खत्म करने की बात सोची भी नहीं जा सकती। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष हेमंत विजय, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष राकेश सफेला व पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।