गुंजल-चंद्रकांता विवाद में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने कलेक्टर-एसपी से मांगी रिपोर्ट
कोटा | प्रभारी मंत्री प्रभुलाल सैनी की बैठक में कोटा उत्तर विधायक प्रहलाद गुंजल और रामगंजमंडी विधायक चंद्रकांता मेघवाल के बीच हुए विवाद को लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने कोटा कलेक्टर व एसपी से रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने कलेक्टर व एसपी से पूछा है कि पूरा प्रकरण क्या है और आपने इस पर क्या कार्रवाई की। दैनिक भास्कर व अन्य अखबारों में छपी खबरों के आधार पर आयोग ने स्वत: इस मामले पर संज्ञान लिया है। पूरा प्रकरण 12 मई को कोटा के कलेक्ट्रेट स्थित टैगोर हॉल में हुई प्रभारी मंत्री की समीक्षा बैठक का है। इस घटनाक्रम का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। मामले को लेकर विधायक चंद्रकांता मेघवाल विधानसभा अध्यक्ष व मुख्यमंत्री के सामने अपना पक्ष रख चुकी हैं। पिछले एक हफ्ते से दोनों के समर्थक एक-दूसरे के खिलाफ धरने प्रदर्शन कर रहे हैं।