चंबल में कूदे युवक को बचाया
कोटा| शराब के नशे में एक युवक ने शनिवार को चंबल की बड़ी पुलिया से नदी में छलांग लगा दी। इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद युवक को सकुशल बचा लिया गया। नगर निगम की रेस्क्यू टीम ने युवक को कुछ ही देर में बाहर निकाल लिया। निगम के गोताखोरों ने बताया कि कुन्हाड़ी के मुकेश गोस्वामी ने दोपहर को चंबल की बड़ी पुलिया पर बाइक खड़ी करके नदी में छलांग लगा दी। युवक तैरना जानता था, इस वजह से डूबा नहीं, बल्कि नदी के दूसरे छोर पर दलदल में जा फंसा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने नाव की सहायता से युवक को सकुशल बाहर निकाला। तनाव के कारण युवक ने शराब के नशे में आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।