बाघ ने एनक्लोजर में पहली बार किया चीतल का शिकार
कोटा| मुकंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में बसाए गए बाघ ने पहली बार एनक्लोजर में रहते हुए चीतल का शिकार किया है। बाघ का यह दूसरा शिकार है। इससे पहले उसने पहला शिकार पाड़े का किया था।
डीसीएफ डॉ. टी मोहनराज के अनुसार बाघ ने चीतल का शिकार शनिवार को सवेरे किया। उन्होंने बाघ को पूरी तरह से स्वस्थ बताया। रामगढ़ सेंचुरी से लाए गए बाघ को मुकंदरा में 12 दिन हो गए है। इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं, वन विभाग उच्च स्तर पर बाघ का जोड़ा बनाने के प्रयास में जुटा हुआ है। इसके लिए रणथंभौर नेशनल पार्क की टी-99 व टी-102 बाघिनों को सलेक्ट किया गया है। जिन्हें जल्द ही मुकंदरा लाया जाएगा।
आज पहुंचेंगे 20 चीतल
डीसीएफ के अनुसार राष्ट्रपति भवन से 110 चीतल लाने का काम तेजी से चल रहा है। शुक्रवार रात राष्ट्रपति भवन से उदयपुर की टीम 11 चीतल लेकर आई उन्हें मुकंदरा में छोड़ दिया। वहीं, कोटा की टीम भी शनिवार शाम को राष्ट्रपति भवन से 20 चीतल लेकर कोटा के लिए रवाना हुई। जिन्हें रविवार को सवेरे मुकंदरा में छोड़ा जाएगा। ऐसे में अभी तक चार फेज में राष्ट्रपति भवन से 69 चीतल लेकर आ चुके हैं। 41 चीतल राष्ट्रपति भवन में बाकी रहे हैं। उदयपुर की टीम शनिवार को वापस राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हो गई थी।