जेईई मेन्स : स्टूडेंट्स की मेल पर आएगा हल प्रश्नपत्र, रिकॉर्डेड रिस्पोंस भी मिलेंगे
सीबीएसई की ओर से आयोजित जेईई मेन्स एग्जाम के दोनों खत्म हो चुके हैं। करीब 11.50 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा ऑफलाइन और ऑनलाइन मोड में दी। अब स्टूडेंट्स को उनको पेपर और रिकॉर्डेड रिस्पोंस उनकी मेल आईडी पर भेज दिए जाएंगे।
इससे वह 24 अप्रैल को जारी होने वाली आंसर-की से मिलान कर पाएंगे। मेन्स की रैंक के आधार पर देश की 31 एनआईटी, 20 ट्रिपल आईटी एवं 20 जीएफटीआई की लगभग 26 हजार सीटों पर प्रवेश मिलता है। ऑफलाइन परीक्षा में 10 लाख 43 हजार 739 विद्यार्थी शामिल हुए थे। 15 व 16 अप्रैल को ऑनलाइन मोड में भी लगभग एक लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। मेन का स्कोर व आल इंडिया रैंक 30 अप्रैल को जारी होगी। इसके साथ ही जेईई मेन स्कोर के आधार पर जेईई एडवांस देने के लिए क्वालिफाई शीर्ष 2 लाख 24 हजार विद्यार्थियों की सूची भी जारी होगी।
अच्छा स्कोर नहीं आया तब भी कई विकल्प
कॅरियर काउंसलर अमित आहूजा ने बताया कि जेईई मेन्स में अच्छा स्कोर नहीं आने पर निराश नहीं हों। ऐसे स्टूडेंट्स यदि कॉलेजों की काउंसलिंग प्रक्रिया में सावधानी पूर्वक भाग लें तो कई बार सीटें खाली होने पर कराए गए स्पेशल व स्पॉट राउंड में भी कॉलेज की ब्रांच मिलने की संभावना बन जाती है। जेईई मेन्स की रैंक व स्कोर के आधार पर विद्यार्थी को दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, एनएसआईटी, पेक चंडीगढ़, एलएनएमआईटी जयपुर, थापर पटियाला, निरमा अहमदाबाद, धीरूभाई अंबानी, ट्रिपल आईटी हैदराबाद सहित अन्य संस्थानों में भी दाखिला मिल सकता है।