डाढ़देवी के जंगल में हो रही है पेड़ों की अवैध कटाई
कोटा | डाढ़देवी के जंगल में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई हो रही है। पर्यावरण प्रेमियों ने वन विभाग से जंगल को सुरक्षित करने के लिए पेड़ों की अवैध कटाई पर रोक लगाने की मांग की है।
पर्यावरण प्रेमी कृष्णेंद्र सिंह नामा व कन्हैया जयंत सोमवार सुबह डाढ़देवी जंगल की विजिट पर गए हुए थे। वहां 8 से 10 हरे पेड़ कटे पड़े मिले। नामा ने बताया कि पता करने पर सामने आया कि जंगल में रोज पेड़ों की कटाई हो रही है। लेकिन, वन विभाग पेड़ों की अवैध कटाई पर रोक लगाने में नाकाम हो रहा है। इधर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उत्तर विधानसभा क्षेत्र ने मंगलवार को नागाजी का बाग व गोपाल निवास बाग का दौरा किया। कमेटी के अध्यक्ष राकेश शर्मा राकू ने बताया कि दोनों बागों में पिछले 6 माह में एक दर्जन से ज्यादा हरे व फलदार आम व जामुन के पेड़ सूख गए हैं। कमेटी ने यूआईटी के जेईएन अजय शर्मा से पेड़ों के सूखने के कारणों की जांच करने की मांग की। इस पर दोनों बागों की देखभाल करने वाले ठेकेदार मनोज अग्रवाल ने मामले की जांच कृषि अनुसंधान विभाग के विशेषज्ञों से करवाने की जिम्मेदारी ली।